शिवपुरी में सोमवार देर शाम वन स्टॉप सेंटर के बाहर एक युवक की चप्पलों से पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। मामला एक पुराने पॉक्सो प्रकरण से जुड़ा बताया जा रहा है। न्यायालय में पेशी के दौरान युवक और युवती ने शादी करने की इच्छा जताई थी, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बन गई।
फर्नीचर का काम करने कोलारस आया था युवक
जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरनगर निवासी अब्दुल रहमान फर्नीचर का काम करने के लिए कोलारस आया था। आरोप है कि किराए के मकान में रहने के दौरान उसका संपर्क एक नाबालिग लड़की से हुआ था। युवती के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने युवक के खिलाफ अपहरण और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया था। बाद में न्यायालय से उसे जमानत मिल गई थी।
बालिग होने के बाद फिर संपर्क में आए दोनों
बताया जा रहा है कि युवती के बालिग होने के बाद दोनों दोबारा संपर्क में आए और साथ रहने लगे। सोमवार को दोनों पुराने पॉक्सो मामले में पेशी के लिए शिवपुरी न्यायालय पहुंचे थे। यहां दोनों ने विवाह करने की इच्छा जताई और कोर्ट परिसर के बाहर शादी से जुड़े दस्तावेज तैयार कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी।
सूचना मिलते ही पहुंचे संगठन के कार्यकर्ता
दोनों के विवाह की जानकारी मिलने के बाद कुछ हिंदू संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। उन्होंने युवती के परिजनों को भी शिवपुरी बुला लिया। परिजनों और कार्यकर्ताओं ने युवती को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपने फैसले पर कायम रही।
इसके बाद दोनों को काउंसलिंग के लिए वन स्टॉप सेंटर ले जाया गया, जहां काफी देर तक समझाइश का प्रयास किया गया। हालांकि, दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन सकी।
वन स्टॉप सेंटर के बाहर बढ़ा विवाद
काउंसलिंग के बाद जैसे ही दोनों पक्ष वन स्टॉप सेंटर से बाहर निकले, विवाद बढ़ गया। इसी दौरान युवती की मां ने युवक की चप्पलों से पिटाई कर दी। सड़क पर कुछ देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। वहां मौजूद लोगों ने पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
युवक पिता के साथ लौटा मुजफ्फरनगर
घटना के बाद युवती अपने परिजनों के साथ चली गई, जबकि युवक अपने पिता के साथ मुजफ्फरनगर लौट गया। फिलहाल घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। पुलिस की ओर से इस मामले में किसी नई कार्रवाई या आधिकारिक बयान की जानकारी अभी सामने नहीं आई है।