India vs Sri Lanka: ध्रुव जुरैल की शानदार शतकीय पारी के दम पर भारतीय टीम ने कोलंबो टेस्ट के दूसरे दिन अपनी पकड़ और मजबूत कर ली। भारत ने पहली पारी 9 विकेट पर 503 रन बनाकर घोषित की। इसके बाद दिन का खेल खत्म होने तक गेंदबाजों ने सिर्फ तीन ओवर में श्रीलंका के दो बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया। मेजबान टीम ने 8 रन पर दो विकेट गंवा दिए हैं। शुभमन गिल की कप्तानी में खेल रही भारतीय टीम ने सीरीज में लगातार दूसरी बार श्रीलंका को दबाव में डाल दिया है। गॉल में खेले गए पहले टेस्ट में हार झेलने के बाद श्रीलंकाई टीम कोलंबो में भी मुश्किल स्थिति में नजर आ रही है। भारत अब मेजबान टीम को जल्द समेटकर बड़ी जीत दर्ज करने की कोशिश करेगा।

ध्रुव जुरैल ने खेली नाबाद शतकीय पारी
सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे ध्रुव जुरैल ने मुश्किल परिस्थितियों में धैर्य और आक्रामकता का शानदार मेल दिखाया। उन्होंने 170 गेंदों में अपना शतक पूरा किया और 177 गेंदों पर 115 रन बनाकर नाबाद रहे। उनकी पारी में 9 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। जुरैल श्रीलंका की धरती पर सातवें या उससे निचले क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए शतक लगाने वाले दूसरे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले हार्दिक पांड्या ने यह उपलब्धि हासिल की थी। यह जुरैल के टेस्ट करियर का दूसरा शतक है। उन्होंने अपना पहला टेस्ट शतक वेस्टइंडीज के खिलाफ अहमदाबाद में लगाया था।
चोट के बाद लौटे पंत ने बनाए 63 रन
पहले दिन चोट के कारण मैदान छोड़ने वाले ऋषभ पंत दूसरे दिन बल्लेबाजी के लिए उतरे। उनकी चोट को लेकर भारतीय खेमे में चिंता थी, लेकिन बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि पंत दोबारा बल्लेबाजी करेंगे। पंत ने शुरुआत में संभलकर खेलते हुए क्रीज पर समय बिताया। लय हासिल करने के बाद उन्होंने तेजी से रन जुटाए। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 89 गेंदों का सामना करते हुए 6 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 63 रन बनाए।
503 रन पर भारत ने घोषित की पारी
शतक पूरा करने के बाद जुरैल ने तेजी से रन बनाने शुरू कर दिए। उन्होंने अपना सैकड़ा पूरा करने के तुरंत बाद छक्का भी लगाया। भारतीय टीम का स्कोर 500 रन के पार पहुंचते ही कप्तान शुभमन गिल ने पारी घोषित करने का फैसला किया। भारत ने पहली पारी में 9 विकेट खोकर 503 रन बनाए।
इससे जुड़ी खबरें...IND vs SL 2nd Test: 168 गेंदों में पडिक्कल का शतक, गिल के साथ संभाला मोर्चा
तीन ओवर में श्रीलंका को लगे दो झटके
भारतीय पारी घोषित होने के बाद श्रीलंका की शुरुआत बेहद खराब रही। मेजबान टीम की पारी में केवल दो गेंदें फेंकी गई थीं कि बारिश के कारण मुकाबला रोकना पड़ा। खेल दोबारा शुरू होने पर प्रसिद्ध कृष्णा ने दूसरे ओवर में लहिरू उदारा को आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद तीसरे ओवर में मानव सुथार ने प्रभात जयसूर्या को पवेलियन भेज दिया। दिन का खेल समाप्त होने तक श्रीलंका ने 8 रन पर दो विकेट गंवा दिए थे। भारत के विशाल स्कोर को देखते हुए मेजबान टीम पर तीसरे दिन बड़ी साझेदारी बनाने का दबाव रहेगा।