महासमुंद कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान कुल 41 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को जल्द से जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए।
बुंदेली की कन्या शालाएं होंगी बालक शाला में संचालित
पिथौरा विकासखंड के ग्राम बुंदेली से पहुंचे विमल महंत ने कलेक्टर को आवेदन देकर बताया कि शासकीय कन्या प्राथमिक शाला का संचालन वर्तमान में मंगल भवन में किया जा रहा है। उन्होंने स्कूल को गांव की शासकीय बालक पूर्व माध्यमिक शाला भवन में संचालित करने की मांग रखी। वहीं, शासकीय कन्या पूर्व माध्यमिक शाला के भवन निर्माण पूरा होने तक उसे भी बालक शाला भवन में संचालित करने का आग्रह किया गया। कलेक्टर लंगेह ने मामले को प्राथमिकता देते हुए दोनों कन्या शालाओं को शासकीय बालक पूर्व माध्यमिक शाला में संचालित करने के निर्देश जारी किए।
जमीन मामले में तहसीलदार को निर्देश
जनदर्शन के दौरान बसना विकासखंड के ग्राम बड़ेटेमरी निवासी सुबो बाई गोंड ने आवेदन देकर बताया कि न्यायालय के आदेश के बाद भी उन्हें अपनी जमीन का कब्जा नहीं मिल पाया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने बसना तहसीलदार को तत्काल कार्रवाई कर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।
राजस्व और पेंशन से जुड़े आवेदन मिले
जनदर्शन में कई अन्य ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याओं को लेकर आवेदन दिए। ग्राम कुसमीसरार के रघुलाल नंद ने ऑनलाइन रिकॉर्ड में खसरा सुधार कराने की मांग रखी। वहीं ग्राम बांसकूड़ा-2 के ग्रामीणों ने वनाधिकार पट्टा दिलाने, बुंदेली के राजेन्द्र ढीढी ने शासकीय भूमि के अवैध विक्रय की शिकायत और खुमान सिंह साहू ने पेंशन से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर ने सभी आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजते हुए जल्द निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों की मौजूदगी में जनदर्शन
जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम लोगों की समस्याओं का समय-सीमा में समाधान किया जाए, ताकि उन्हें बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।