देश के कई राज्यों में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच केरल के वायनाड जिले से बड़ी खबर सामने आई है। मंगलवार को कल्लाडी इलाके में हुए भूस्खलन में 1 व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 7 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद 7 अन्य लोगों के लापता होने की सूचना है। राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है।
यह हादसा कल्लाडी के मीनाक्षी पुल के पास हुआ, जहां मलप्पुरम और वायनाड जिलों को जोड़ने वाली सुरंग सड़क परियोजना पर काम चल रहा था। लगातार बारिश के कारण निर्माण स्थल से भारी मलबा नीचे आ गिरा। इसकी चपेट में कई लोग आ गए। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, लापता लोगों की तलाश के लिए बचाव दल मौके पर जुटा हुआ है।
मुख्यमंत्री ने ठेकेदारों पर उठाए सवाल
हादसे के बाद मुख्यमंत्री वीडी. सतीशन ने केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि यह हादसा मौसम की चेतावनी नहीं मिलने की वजह से नहीं, बल्कि ठेकेदारों की लापरवाही के कारण हुआ। मुख्यमंत्री ने बताया कि संबंधित अधिकारियों ने पहले ही निर्माण स्थल पर जमा कीचड़ और मलबा हटाने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद समय पर कार्रवाई नहीं की गई।
पहले भी दिए गए थे निर्देश
मुख्यमंत्री के अनुसार, लोक निर्माण विभाग के मंत्री पी. के. बशीर और जिला कलेक्टर ने ठेकेदारों को कई बार सतर्क किया था। उन्हें निर्माण स्थल को सुरक्षित बनाने और मलबा हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इन निर्देशों का पालन नहीं किया गया।राहत कार्य जारी
प्रशासन, पुलिस और आपदा राहत दल मौके पर मौजूद हैं। प्रभावित क्षेत्र में राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि लापता लोगों की तलाश पूरी होने के बाद ही नुकसान का सही आकलन किया जा सकेगा।