महादेव ऑनलाइन सट्टा एप मामले में अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कार्रवाई की बात सामने आई है। श्रीलंका में सट्टा नेटवर्क से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी कर 147 भारतीय नागरिकों को हाउस अरेस्ट किया गया है। हालांकि, इस कार्रवाई की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, श्रीलंका पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ भारतीय नागरिक महादेव सट्टा एप से जुड़े ऑनलाइन ऑपरेशन में शामिल हैं। इसके बाद संबंधित ठिकानों पर दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान 147 भारतीयों को हिरासत में लेकर उनके पासपोर्ट और वीजा अपने कब्जे में लेने की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।
नौकरी का झांसा देकर भेजे जाने का दावा
हालांकि, इस मामले में रायपुर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला और दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल ने किसी भी आधिकारिक जानकारी से इनकार किया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, श्रीलंका में पकड़े गए लोगों में छत्तीसगढ़ के रायपुर, दुर्ग, भिलाई और राजनांदगांव के युवक शामिल हैं। इसके अलावा उत्तर प्रदेश और बिहार के कुछ लोगों के भी शामिल होने की बात कही जा रही है। बताया जा रहा है कि युवाओं को विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर संपर्क किया गया था। उन्हें करीब 45 हजार रुपए मासिक वेतन, रहने और खाने की सुविधा का लालच दिया गया। नौकरी की उम्मीद में युवक श्रीलंका पहुंचे, लेकिन आरोप है कि वहां उनसे महादेव सट्टा एप के लिए काम कराया जाने लगा।मुख्य आरोपी सिकंदर प्रसाद की तलाश जारी
कार्रवाई की भनक लगते ही इस नेटवर्क से जुड़े मुख्य आरोपी सिकंदर प्रसाद के फरार होने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि वह श्रीलंका से भारत लौटने के बाद भूमिगत हो गया है। स्थानीय पुलिस ने उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन वह नहीं मिला। महादेव ऑनलाइन सट्टा एप मामले में जांच एजेंसियां लगातार कार्रवाई कर रही हैं। अब तक इस मामले में हजारों करोड़ रुपए की संपत्तियां जब्त किए जाने और 40 से अधिक एफआईआर दर्ज होने की जानकारी सामने आ चुकी है। फिलहाल श्रीलंका में हुई कार्रवाई को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।