रविवार रात मुंबई में बड़ा हादसा हो गया। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच मानखुर्द इलाके में एक 3 मंजिला चॉल अचानक ढह गई। इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। आशंका है कि कुछ लोग अब भी मलबे में फंसे हो सकते हैं। घटना के बाद दमकल, पुलिस, नगर निगम और एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव अभियान देर रात तक जारी रहा।
यह हादसा मानखुर्द के जनता नगर स्थित हनुमान मंदिर के पीछे चॉल नंबर 5 में हुआ। नगर निगम के अनुसार ग्राउंड प्लस 3 मंजिला इमारत का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक मलबे में कई लोगों के दबने की आशंका जताई गई थी। बचाव दल लगातार मलबा हटाकर लोगों को निकालने में जुटा रहा।
6 लोगों की गई जान
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार हादसे में 6 लोगों की मौत हुई है। मृतकों में 4 महिलाएं और 2 पुरुष शामिल हैं। 4 महिलाओं और 1 पुरुष को शताब्दी अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एक अन्य घायल पुरुष को राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
एक घायल का अस्पताल में इलाज जारी
राहत टीम ने मलबे से एक घायल व्यक्ति को सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया। उसका इलाज जारी है। अधिकारियों का कहना है कि अन्य लोगों की तलाश भी लगातार जारी है।
200 से 300 मिमी तक हुई बारिश
मुंबई में पिछले 24 घंटे के दौरान कई इलाकों में 200 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई। कुछ स्थानों पर 300 मिमी से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड हुई। लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। भारी बारिश के चलते शहर में जनजीवन भी प्रभावित हुआ है और कई निचले इलाकों में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।राहत एजेंसियां मौके पर तैनात
हादसे के बाद फायर ब्रिगेड, पुलिस, नगर निगम के कर्मचारी और 108 एंबुलेंस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है ताकि बचाव कार्य में कोई बाधा न आए। अधिकारियों का कहना है कि मलबे की पूरी तलाशी लेने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि अंदर कोई और व्यक्ति फंसा है या नहीं।