जिले के पस्ता थाना क्षेत्र अंतर्गत डवरा चौकी पुलिस ने जमीन विवाद में हुई बुजुर्ग की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पारिवारिक जमीन बंटवारे को लेकर उपजे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और एक बुजुर्ग की जान ले ली।
पुलिस के अनुसार, ग्राम लिलौटी निवासी जीवन लाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके पिता दिलबर 13 जून की रात प्रधानमंत्री आवास में अकेले सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर उनकी हत्या कर दी।
जमीन विवाद से जुड़ी पुरानी रंजिश आई सामने
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि परिवार में जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। मृतक के भाई नन्दकेश्वर रवि और भतीजे संजय कुमार रवि को इस बात की नाराजगी थी कि दिलबर ने कथित रूप से अपने हिस्से में अधिक जमीन रख ली थी। इसी रंजिश ने हत्या की साजिश का रूप ले लिया। विवेचना के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर नन्दकेश्वर रवि (55 वर्ष) और संजय कुमार रवि (32 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।टांगी से किया गया जानलेवा हमला
आरोप है कि संजय कुमार रवि ने धारदार टांगी से मृतक के कान, गर्दन और हाथ पर कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। 15 जून को उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
