PM Awas Yojana: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत परवी में प्रधानमंत्री आवास योजना के गृह प्रवेश कार्यक्रम के दौरान विवाद का मामला सामने आया है। पंचायत सचिव ने सरपंच पर मारपीट करने का आरोप लगाया है, जिसके बाद उन्होंने भानुप्रतापपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। वहीं, सरपंच ने भी पंचायत सचिव पर दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, 11 सितंबर को प्रदेशभर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हितग्राहियों के लिए सामूहिक गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। इसी क्रम में ग्राम पंचायत परवी में भी कार्यक्रम रखा गया था। बताया जा रहा है कि पंचायत सचिव की ओर से कार्यक्रम की जानकारी सरपंच को नहीं दी गई थी। जब सरपंच को किसी अन्य माध्यम से कार्यक्रम के आयोजन की जानकारी मिली, तो वह मौके पर पहुंचे और सचिव से कार्यक्रम की सूचना नहीं देने को लेकर सवाल करने लगे।
कहासुनी के बाद बढ़ा मामला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार्यक्रम स्थल पर सरपंच और पंचायत सचिव के बीच बातचीत के दौरान विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई। पंचायत सचिव का आरोप है कि विवाद के दौरान सरपंच ने उनके साथ मारपीट की। घटना के बाद उन्होंने भानुप्रतापपुर थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई।
सचिव संघ ने कार्रवाई की मांग की
मामले की जानकारी सामने आने के बाद पंचायत सचिव संघ ने घटना पर नाराजगी जताई है। संघ ने आरोपी के खिलाफ उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की है। उनका कहना है कि सरकारी कर्मचारियों के साथ इस तरह की घटनाओं पर रोक लगनी चाहिए।सरपंच ने लगाए सचिव पर दुर्व्यवहार के आरोप
वहीं, ग्राम पंचायत परवी के सरपंच ने पंचायत सचिव के आरोपों को लेकर अपनी बात रखते हुए सचिव पर दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया है। दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं।
पुलिस जांच के बाद सामने आएगी वास्तविक स्थिति
फिलहाल मामला भानुप्रतापपुर थाने में दर्ज है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मारपीट की वास्तविक स्थिति और विवाद के पीछे के कारणों का स्पष्ट खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

