Road Safety Awareness: कृष्णा पब्लिक स्कूल आरंग में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के स्काउट-गाइड, कब एवं बुलबुल के विद्यार्थियों ने रैली, पोस्टर और मानव श्रृंखला के माध्यम से सड़क सुरक्षा का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने लोगों को यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट पहनने और सड़क पर सावधानी बरतने के लिए जागरूक किया।
पोस्टर और मानव श्रृंखला से विद्यार्थियों ने दिया सड़क सुरक्षा का संदेश
जिला संघ रायपुर के अध्यक्ष जी. स्वामी, जिला मुख्य आयुक्त राजीव चक्रवर्ती एवं जिला आयुक्त एम.जी. सतीश कुमार के निर्देश पर विकासखंड आरंग के विभिन्न विद्यालयों में सड़क सुरक्षा एवं नशामुक्ति जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 16 अक्टूबर को कृष्णा पब्लिक स्कूल में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पोस्टर मेकिंग एवं स्लोगन लेखन के जरिए सुरक्षित यातायात के प्रति लोगों का ध्यान आकर्षित किया। जागरूकता रैली और मानव श्रृंखला के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया गया। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों के साथ पालकों एवं आम नागरिकों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम का संचालन गाइड प्रभारी बिंदु दुबे ने किया। आयोजन में स्काउट मास्टर दशरथ साहू, फ्लॉक लीडर आरती साहू एवं लेडी स्काउट मास्टर प्रतीक्षा बंजारे का सहयोग रहा।
विद्यार्थियों के प्रयासों की विद्यालय प्रबंधन ने की प्रशंसा
विद्यालय की प्रधान पाठिका सोमा हलदार ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में सामाजिक जिम्मेदारी और जागरूकता की भावना विकसित करते हैं। विद्यालय के निदेशक अभिषेक त्रिपाठी ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता को आवश्यक बताया। उन्होंने आयोजन में सहभागी विद्यार्थियों एवं आयोजकों को बधाई दी।रिपोर्ट - मोहनदास मानिकपुरी







