जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में पिछले पांच दिनों से चल रहा सुरक्षाबलों का सर्च ऑपरेशन अब रंग ला रहा है। बुधवार को सुरक्षाबलों ने सैदापोरा इलाके में लश्कर-ए-तैयबा के एक आतंकी को मार गिराने में सफलता हासिल की है। मुठभेड़ स्थल से हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किए गए हैं।
यह मुठभेड़ शनिवार को उस समय शुरू हुई थी, जब सुरक्षाबलों को सूचना मिली कि इलाके में लश्कर-ए-तैयबा के दो स्थानीय आतंकी छिपे हुए हैं। इन आतंकियों को एक बाग में देखा गया था, जिसके बाद सेना, पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभाल लिया। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आसपास के चार गांवों को भी खाली करवा लिया गया था।
घेराबंदी और जवाबी कार्रवाई
मुठभेड़ के दौरान आतंकियों ने खुद को घिरता देख सुरक्षाबलों पर गोलियां चलाईं, जिसका जवानों ने करारा जवाब दिया। ऑपरेशन को और तेज करने के लिए सेना की खास काउंटर-इंसर्जेंसी यूनिट यानी आतंकवाद विरोधी दस्ता जिसे विक्टर फोर्स कहा जाता है, ने अपने अतिरिक्त जवानों को मैदान में उतारा। बुधवार को हुई मुठभेड़ में एक आतंकी मारा गया है।आतंकियों की पहचान और तलाशी जारी
अधिकारियों के अनुसार, मारे गए आतंकी की पहचान लश्कर के सक्रिय सदस्य के रूप में हुई है। सुरक्षा एजेंसियां अभी भी पूरे इलाके की सघन जांच कर रही हैं। घटनास्थल के पास से बरामद हुए हथियार इस बात का संकेत हैं कि आतंकी किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने की फिराक में थे। फिलहाल ऑपरेशन अभी भी जारी है और पूरे क्षेत्र को सुरक्षित करने का काम किया जा रहा है। इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।