Under 19 Asia Cup: टूर्नामेंट की शुरुआत 5 नवंबर को श्रीलंका और मलेशिया के मुकाबले से होगी, जबकि खिताबी मैच 14 नवंबर को खेला जाएगा। इस बार क्रिकेट प्रेमियों की नजरें भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले पर रहेंगी। दोनों टीमें 8 नवंबर को लीग चरण में आमने-सामने होंगी। इस प्रतियोगिता में कुल आठ टीमें हिस्सा लेंगी। भारत और पाकिस्तान के अलावा श्रीलंका, मलेशिया, संयुक्त अरब अमीरात (UAE), अफगानिस्तान, नेपाल और बांग्लादेश की टीमें भी खिताब के लिए मैदान पर उतरेंगी। सभी मुकाबले 50 ओवर के प्रारूप में खेले जाएंगे।
दो ग्रुप में बांटी गईं आठ टीमें
अंडर-19 एशिया कप में शामिल आठ टीमों को दो ग्रुप में रखा गया है। टूर्नामेंट के सभी मैच ओमान की राजधानी मस्कट के अल अमरात स्थित ओमान क्रिकेट अकादमी के दो मैदानों पर आयोजित होंगे। ग्रुप चरण के मुकाबलों के बाद दोनों ग्रुप की शीर्ष दो-दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। इसके बाद सेमीफाइनल में जीत दर्ज करने वाली टीमों के बीच खिताबी मुकाबला खेला जाएगा। ऐसे में फाइनल तक पहुंचने के लिए सभी टीमों को लीग चरण में बेहतर प्रदर्शन करना होगा।
12 नवंबर को सेमीफाइनल, 14 को फाइनल
टूर्नामेंट का पहला सेमीफाइनल 12 नवंबर को खेला जाएगा। इसमें ग्रुप-ए की शीर्ष टीम का सामना ग्रुप-बी में दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम से होगा। दूसरे सेमीफाइनल में ग्रुप-बी की शीर्ष टीम और ग्रुप-ए की दूसरे नंबर की टीम भिड़ेंगी। दोनों सेमीफाइनल के विजेता 14 नवंबर को फाइनल में खिताब के लिए मुकाबला करेंगे। भारतीय टीम की कोशिश इस बार पिछले संस्करण की हार को पीछे छोड़कर ट्रॉफी अपने नाम करने की होगी।पिछले फाइनल में पाकिस्तान से हारा था भारत
पिछले साल खेले गए अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में भारतीय टीम को पाकिस्तान के खिलाफ करारी हार का सामना करना पड़ा था। खिताबी मुकाबले में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 347 रन बनाए थे। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम 156 रन पर ही सिमट गई थी। इस तरह पाकिस्तान ने 191 रन से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया था। भारत ने आखिरी बार 2021 में अंडर-19 एशिया कप का खिताब जीता था। इससे पहले भारतीय टीम ने 2018 और 2019 में भी ट्रॉफी अपने नाम की थी। अब 2026 के संस्करण में टीम इंडिया के सामने खिताब का सूखा खत्म करने और पाकिस्तान के खिलाफ पिछले फाइनल की हार का हिसाब बराबर करने की चुनौती होगी।







