जिले के उरगा थाना क्षेत्र के बटरामपुर गांव में 22 वर्षीय युवक का शव खेत में पेड़ से फांसी के फंदे पर लटका मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में आर्थिक तंगी, बढ़ते कर्ज और बाइक की किस्तों के भुगतान का दबाव युवक की मौत का कारण माना जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है।
मृतक की पहचान शंकर कुमार (22) के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि 17 जून को वह रोजाना की तरह काम पर गया था। रात करीब 9 बजे घर लौटने के बाद उसने अपनी बाइक बाहर खड़ी की और बिना किसी को कुछ बताए घर से निकल गया। परिवार को लगा कि वह किसी जरूरी काम से बाहर गया होगा, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटने पर चिंता बढ़ गई।
थाने में दर्ज हुई गुमशुदगी
परिजनों ने शंकर से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद मिला। अगले दिन रिश्तेदारों, दोस्तों और आसपास के गांवों में तलाश की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं मिला। इसके बाद परिवार ने उरगा थाने पहुंचकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल युवक की तलाश शुरू की और मोबाइल लोकेशन के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान पुलिस टीम मोबाइल लोकेशन ट्रेस करते हुए बटरामपुर गांव के एक खेत तक पहुंची। वहां एक पेड़ से युवक का शव फंदे पर लटका मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।नई बाइक की किस्तों को लेकर था परेशान
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शंकर ने कुछ महीने पहले फाइनेंस पर नई बाइक खरीदी थी। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह समय पर किस्तें जमा नहीं कर पा रहा था। परिजनों का आरोप है कि किस्तों के भुगतान के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था, जिससे वह लंबे समय से मानसिक तनाव में था। परिवार का कहना है कि इसी तनाव ने उसे यह कदम उठाने के लिए मजबूर किया। मामले को लेकर पुलिस ने फाइनेंस कंपनी और उससे जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच शुरू कर दी है। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की सत्यता की पड़ताल की जा रही है। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि युवक पर किस तरह का दबाव बनाया जा रहा था और क्या उसका संबंध इस घटना से है।
पुलिस मोबाइल डेटा की विस्तृत जांच में जुटी है।
उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करा लिया गया है और युवक का मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है। पुलिस अंतिम कॉल डिटेल, चैट रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। साथ ही युवक के करीबी लोगों और फाइनेंस से जुड़े व्यक्तियों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। वहीं घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और गांव में भी शोक का माहौल है।