Bagbahara News: कृषि उपज मंडी के पास जियो कंपनी के टेक्निशियन से चाकू की नोक पर मोबाइल और नकदी लूटने के मामले में बागबाहरा पुलिस ने वारदात में शामिल आठ आरोपितों की पहचान कर कार्रवाई की है। इनमें चार बालिग आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया, जबकि विधि से संघर्षरत चार बालकों को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया।पुलिस के अनुसार सूचना मिलने के बाद आरोपितों की तलाश शुरू की गई।
लगातार पतासाजी और जांच के बाद पुलिस ने वारदात में शामिल सभी आठ आरोपियों की पहचान की। गिरफ्तार आरोपितों में शिव प्रसाद उर्फ कन्हैया नेताम (22), पिता रामचरण नेताम, निवासी सुखरीडबरी, हाल ढांगा डिपरा, बागबाहरा, शिवदास टांडी (26), पिता मकारू दास टांडी, निवासी सिंगलपारा, वासु सोनवानी (19), पिता संजय सोनवानी, निवासी सिंगलपारा तथा राज तांडी (19), पिता सुरेश तांडी, निवासी सिंगलपारा शामिल हैं।
पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाया मामला, 4 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक नग मोबाइल, 200 रुपए नकद एवं एक नग चाकू बरामद किया है। इसके अलावा आरोपिययों द्वारा उपयोग किए जा रहे चार नग मोबाइल भी जब्त किए गए हैं। आरोपितों को न्यायिक रिमांड पर तथा विधि से संघर्षरत बालकों को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है। इस प्रकार प्रकरण में शामिल चार बालिग आरोपितों को गिरफ्तार तथा चार विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लेने में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सफलता प्राप्त की है।
