Bollywood News: सलमान खान की अपकमिंग फिल्म ‘मातृभूमि’ का इंतजार कर रहे फैंस को झटका लग सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म को अभी तक केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) से हरी झंडी नहीं मिली है। यही वजह है कि फिल्म की रिलीज डेट को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। माना जा रहा है कि फिल्म की रिलीज अगले साल तक टल सकती है।
पिछले कुछ समय से सलमान खान की फिल्म ‘मातृभूमि’ चर्चा में बनी हुई है। पहले खबरें सामने आई थीं कि CBFC स्क्रीनिंग के बाद फिल्म जल्द रिलीज के लिए तैयार हो जाएगी। हालांकि, अब सामने आई जानकारी के अनुसार फिल्म की सेंसर प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई है। रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि फिल्म के चीन कनेक्शन की वजह से कुछ अड़चनें आ रही हैं। हालांकि, मेकर्स इस मामले का समाधान निकालने की कोशिश कर रहे हैं ताकि फिल्म को जल्द से जल्द रिलीज किया जा सके।
चीन कनेक्शन बना परेशानी की वजह
रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म ‘मातृभूमि’ की कहानी बैटल ऑफ गलवान वैली की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जिसका सीधा संबंध भारत-चीन तनाव से जुड़ा है। इसी वजह से फिल्म को लेकर कुछ आधिकारिक मंजूरियों में देरी हो रही है। सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि फिल्म की टीम सरकार के साथ बातचीत कर रही है। समाधान निकलने के बाद ही CBFC फिल्म को प्रमाणित कर पाएगा, जिसके बाद इसे सिनेमाघरों में रिलीज किया जा सकेगा।
‘मातृभूमि’ का नाम पहले भी बदला गया था
सलमान खान ने साल 2025 में रिलीज हुई फिल्म ‘सिकंदर’ के बाद ‘मातृभूमि’ का ऐलान किया था। इस फिल्म का निर्देशन अपूर्व लखिया कर रहे हैं। फिल्म को लेकर शुरुआत से ही काफी चर्चा रही है। बताया जाता है कि चीन से जुड़े विषय के कारण पहले फिल्म के नाम में बदलाव किया गया और अब रिलीज को लेकर भी मुश्किलें सामने आ रही हैं।
क्या 2027 तक टल सकती है फिल्म की रिलीज
कुछ समय पहले खबरें आई थीं कि ‘मातृभूमि’ जुलाई 2027 तक रिलीज हो सकती है। हालांकि, बाद में फिल्म के नए पोस्टर के साथ संकेत दिए गए कि यह फिल्म 2026 में सिनेमाघरों में दस्तक दे सकती है। लेकिन मौजूदा स्थिति को देखते हुए ऐसा मुश्किल नजर आ रहा है। साल 2026 में पहले से कई बड़ी फिल्मों की रिलीज तय है। किसी भी बड़ी फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन करने के लिए पर्याप्त समय चाहिए होता है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि सलमान खान की यह फिल्म 2027 तक आगे बढ़ सकती है।बिग बॉस 20 की शूटिंग में व्यस्त हैं सलमान खान
वर्क फ्रंट की बात करें तो सलमान खान इन दिनों टीवी शो ‘बिग बॉस 20’ की शूटिंग में व्यस्त हैं। उन्होंने शो के प्रीमियर के बाद पहला वीकेंड का वार एपिसोड भी शूट कर लिया है।
सलमान हर हफ्ते बिग बॉस के लिए एक दिन शूटिंग करते हैं, जबकि बाकी समय वह अपनी अगली फिल्म की शूटिंग में लगा रहे हैं।
SVC 63 में नए एक्शन अवतार में नजर आएंगे सलमान
सलमान खान इन दिनों अपनी अगली बड़े बजट की फिल्म SVC 63 की शूटिंग कर रहे हैं। फिल्म के एक्शन सीक्वेंस के लिए मुंबई में एक बड़ा सेट तैयार किया गया है। इस फिल्म में सलमान खान के साथ राहुल देव, नयनतारा और कई अन्य कलाकार नजर आएंगे। खबरों के मुताबिक फिल्म का नाम ‘मॉन्स्टर’ रखा जा सकता है और मेकर्स जल्द ही इसका आधिकारिक ऐलान कर सकते हैं।ईद 2027 पर रिलीज हो सकती है सलमान की अगली फिल्म
रिपोर्ट्स के अनुसार, SVC 63 का टीजर फिल्म के टाइटल अनाउंसमेंट के साथ जारी किया जा सकता है। फिल्म का निर्देशन वामशी पेडीपल्ली कर रहे हैं, जबकि इसे दिल राजू प्रोड्यूस कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह फिल्म ईद 2027 के मौके पर रिलीज हो सकती है। फैंस सलमान खान को एक बार फिर बड़े पर्दे पर नए एक्शन अंदाज में देखने के लिए उत्साहित हैं।

