Tiger Shroff Firing Case: मुंबई क्राइम ब्रांच की जांच का दायरा लगातार बढ़ रहा है, मामले में अब इंदौर से 11वें संदिग्ध को हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है। जांच एजेंसियों को शक है कि हिरासत में लिया गया शख्स कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े नेटवर्क को आर्थिक या अन्य तरह की मदद पहुंचाने में शामिल हो सकता है।
हमले की साजिश से लेकर भागने तक की कड़ियां खंगाल रही पुलिस
क्राइम ब्रांच की जांच अब कथित हमलावरों तक सीमित नहीं है। पुलिस उन लोगों की भूमिका का भी पता लगा रही है, जिन्होंने वारदात से पहले रेकी करने, हथियारों का इंतजाम करने और आरोपियों की आवाजाही में मदद की हो सकती है। इसके साथ ही फायरिंग के बाद आरोपियों को सुरक्षित ठिकाने तक पहुंचाने या फरार होने में सहयोग देने वाले लोगों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
सूरत में मिले दो हथियार और 10 कारतूस
इस मामले में जांच के दौरान मुंबई क्राइम ब्रांच को एक और अहम सुराग मिला है। पीटीआई-भाषा की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने गुजरात के सूरत से कथित हमलावरों द्वारा इस्तेमाल किए गए दो हथियार और 10 कारतूस बरामद किए हैं। एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि शुक्रवार को विशेष अभियान के तहत छापेमारी की गई थी, जिसके दौरान ये हथियार मिले।हथियार सप्लाई करने वालों की तलाश जारी
मुंबई क्राइम ब्रांच अब हथियारों की सप्लाई से जुड़े लोगों और आरोपियों के बीच संपर्कों की पड़ताल कर रही है। जांच का उद्देश्य फायरिंग की घटना से जुड़े पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ना है। इंदौर में हिरासत में लिए गए संदिग्ध से पूछताछ और सूरत से बरामद हथियारों की जांच के बाद मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना है। फिलहाल, संदिग्धों की भूमिका और नेटवर्क से उनके संबंधों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।






