Chhattisgarh Ganja Smuggling: सरगुजा और जशपुर जिले में पुलिस ने नशे के काले कारोबार पर बड़ी स्ट्राइक की है। ओडिशा से उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद ले जाया जा रहा करीब 138 किलो गांजा पुलिस ने स्कॉर्पियो से बरामद किया है। जब्त गांजे की बाजार में कीमत लगभग 20 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने घेराबंदी कर दो तस्करों को दबोच लिया है, जबकि उनका एक साथी मौका पाकर फरार होने में कामयाब रहा। यह पूरी कार्रवाई जशपुर के बगीचा और सरगुजा के लुंड्रा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने अंजाम दी है। मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि उन्हें ओडिशा की तरफ से एक स्कॉर्पियो में भारी मात्रा में गांजा ले जाने की सटीक सूचना मिली थी। इसके आधार पर बगीचा इलाके में संदिग्ध वाहन को रोकने के लिए घेराबंदी की गई।
गाड़ी छोड़कर गन्ने के खेतों में भागे आरोपी
पुलिस को देखते ही तस्करों ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी और भागने लगे। बगीचा पुलिस से बचकर भाग रहे तस्करों का लुंड्रा थाना पुलिस ने पीछा शुरू किया। आगे जाकर जब तस्करों को लगा कि वे चारों तरफ से घिर चुके हैं, तो वे अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी रास्ते में ही छोड़कर पैदल ही भाग खड़े हुए। करीब 3 किलोमीटर तक दौड़ने के बाद वे पास के एक गन्ने के खेत में जा छिपे। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से पूरे खेत को घेरा और तलाशी अभियान चलाकर दो आरोपियों को धर दबोचा।
पुलिस खंगाल रही नेटवर्क
पकड़े गए आरोपियों की पहचान बलराज सिंह और अजय बंसल के रूप में हुई है। जब पुलिस ने स्कॉर्पियो की तलाशी ली, तो उसमें से 138 किलो गांजा बरामद हुआ। शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि यह खेप ओडिशा से लोड की गई थी और इसे गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) में डिलीवर किया जाना था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क का बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही है कि गांजा ओडिशा में किससे खरीदा गया था और गाजियाबाद में इसकी डिलीवरी किसे दी जानी थी।
इतने चेकपोस्ट के बावजूद कैसे पहुंची खेप
इस सफल कार्रवाई के बीच एक बड़ा सवाल सुरक्षा और चेकिंग व्यवस्था पर भी खड़ा हो गया है। तस्कर ओडिशा की सीमा से निकलकर छत्तीसगढ़ के लगभग आधा दर्जन थानों और कई पुलिस चेकपोस्ट को चकमा देते हुए सरगुजा-जशपुर की सीमा तक पहुंच गए थे। इतने लंबे रास्ते में किसी भी जिले की पुलिस या चेकपोस्ट पर गाड़ियों की जांच के दौरान इस गाड़ी को क्यों नहीं रोका गया? अगर बगीचा पुलिस को ऐन वक्त पर इनपुट न मिलता, तो नशे की यह बड़ी खेप आसानी से राज्य की सीमा पार कर यूपी पहुंच जाती।
फरार आरोपी की तलाश
फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है और फरार तीसरे आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।

