Mahasamund News: ऑपरेशन निश्चय के तहत थाना कोमाखान पुलिस ने टेमरी जांच नाका के पास गांजा तस्करी के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 5.440 किलो गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत 2.72 लाख रुपए बताई गई है। कार्रवाई में गांजा परिवहन में प्रयुक्त पल्सर बाइक और मोबाइल सहित कुल 3.65 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर को टेमरी जांच नाका के पास वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति बाइक से ओडिशा की ओर से छत्तीसगढ़ आ रहे हैं और उनके पास गांजा है। सूचना के बाद पुलिस टीम ने नाकाबंदी कर निगरानी शुरू की। कुछ देर बाद एक बाइक आती दिखाई दी।
चलती बाइक से कूदकर युवक फरार
पुलिस को देखते ही बाइक पर पीछे बैठा युवक चलती बाइक से कूदकर फरार हो गया। इसी दौरान बाइक चालक ने भी भागने का प्रयास किया, लेकिन बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। पुलिस ने मौके पर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रामचरण उर्फ यश ठाकुर (24), निवासी पीसेगांव, थाना पुलगांव, जिला दुर्ग बताया। उसने फरार साथी का नाम रोशन निषाद उर्फ विक्की, निवासी चंदखुरी, दुर्ग बताया।
आरोपी के साथ जब्त किए सामान
बाइक की तलाशी लेने पर पुलिस को 5.440 किलो गांजा मिला। पूछताछ में आरोपी ने गांजा कांटाबांजी (ओडिशा) से दुर्ग ले जाने की बात स्वीकार की। पुलिस ने गांजा के अलावा बिना नंबर की पल्सर बाइक कीमत 90 हजार रुपए और एक मोबाइल फोन कीमत 3 हजार रुपए जब्त किया है। मामले में थाना कोमाखान में अपराध क्रमांक 151/2026 के तहत धारा 20(B)(II)(B), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। फरार आरोपी रोशन निषाद उर्फ विक्की की तलाश की जा रही है।

