Child Labour Action: छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में बाल श्रम के खिलाफ जिला प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 8 नाबालिग बालिकाओं को निर्माण स्थल से सुरक्षित रेस्क्यू किया है। शनिवार देर शाम सिटी ग्राउंड के सामने हाउसिंग बोर्ड की ओर से कराए जा रहे बहुमंजिला भवन के निर्माण कार्य में ये बालिकाएं मजदूरी करती मिलीं। मिली जानकारी के अनुसार, निर्माण स्थल पर नाबालिगों से काम कराए जाने की सूचना मिलने के बाद जिला पुलिस, श्रम विभाग और चाइल्ड लाइन की संयुक्त टास्क फोर्स मौके पर पहुंची। टीम ने अचानक कार्रवाई करते हुए निर्माण स्थल की जांच की, जहां 8 नाबालिग बालिकाएं काम करती पाई गईं। इस कार्रवाई का नेतृत्व मानव तस्करी निरोधक इकाई के जिला नोडल अधिकारी एवं उप पुलिस अधीक्षक ने किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सभी बालिकाएं बस्तर जिले की रहने वाली हैं।
चाइल्ड लाइन के सुपुर्द, पुनर्वास की प्रक्रिया शुरू
टास्क फोर्स ने मौके से सभी बालिकाओं को तत्काल काम से मुक्त कराया। इसके बाद उन्हें निर्धारित वैधानिक प्रक्रिया के तहत चाइल्ड लाइन के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उनके संरक्षण और पुनर्वास की आगे की प्रक्रिया शुरू की गई।
ठेकेदार और निर्माण एजेंसी पर होगी कार्रवाई
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नाबालिगों से मजदूरी कराने के मामले में जिम्मेदार ठेकेदार और संबंधित निर्माण एजेंसी के खिलाफ बाल श्रम निषेध कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि बच्चों से श्रम कराने के मामलों में नियमों के अनुसार सख्त कदम उठाए जाएंगे।

