CJP Protest: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने दावा किया है कि 5 सितंबर को इंडिया गेट पर होने वाला आंदोलन जंतर-मंतर के प्रदर्शन से भी बड़ा होगा। केंद्र सरकार पर वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगाते हुए CJP ने इंडिया गेट से दिल्ली पुलिस मुख्यालय तक विरोध मार्च निकालने का ऐलान किया है। दीपके ने संकेत दिया कि मार्च के बाद प्रदर्शनकारी दिल्ली पुलिस मुख्यालय के बाहर धरने पर बैठ सकते हैं। उनका कहना है कि प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज FIR वापस होने तक धरना जारी रखने की योजना है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस बल प्रयोग करती है तो CJP उसके लिए तैयार है। अभिजीत दीपके ने सरकार पर छात्रों से किया गया वादा पूरा नहीं करने का आरोप लगाया।
छात्रों से किया वादा पूरा नहीं करने का आरोप
दीपके के मुताबिक, शुरुआत में सरकार ने FIR वापस नहीं लेने के पीछे सुप्रीम कोर्ट के आदेश का हवाला दिया था। उनका दावा है कि सरकार ने कहा था कि अदालत का आदेश आने के कारण वह इस मामले में कार्रवाई नहीं कर सकती। दीपके ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट की ओर से एक अन्य आदेश में सरकार से संबंधित मामलों की सूची मांगी गई थी। उनका आरोप है कि सरकार ने अब तक यह सूची अदालत को उपलब्ध नहीं कराई। उन्होंने इसे शिक्षा व्यवस्था की मांगों को लेकर आंदोलन करने वाले छात्रों के साथ धोखा बताया।
सरकार की टालमटोल से दोबारा आंदोलन
दीपके का कहना है कि सरकार की टालमटोल के कारण उन्हें दोबारा आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा। उन्होंने दावा किया कि युवाओं का गुस्सा अभी शांत नहीं हुआ है और इस बार जंतर-मंतर से भी बड़ा आंदोलन देखने को मिल सकता है। उन्होंने दावा किया कि पिछला आंदोलन समाप्त करने से पहले सरकार ने छात्रों के खिलाफ दर्ज FIR वापस लेने की मांग स्वीकार की थी। इसी आश्वासन के बाद आंदोलन समाप्त किया गया, लेकिन एक महीना बीतने के बावजूद इस मामले में कोई फैसला नहीं लिया गया।
सोशल मीडिया पर ‘सीजन-2’ की चर्चा
अभिजीत दीपके ने बताया कि 5 सितंबर के प्रस्तावित आंदोलन की घोषणा के बाद सोशल मीडिया पर युवाओं की प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं। उनके मुताबिक, कई लोग आगामी प्रदर्शन को आंदोलन का ‘सीजन-2’ बता रहे हैं। प्रस्तावित आंदोलन की रणनीति बताते हुए दीपके ने कहा कि प्रदर्शनकारी पहले इंडिया गेट पर एकत्र होंगे। इसके बाद वहां से दिल्ली पुलिस मुख्यालय तक विरोध मार्च निकाला जाएगा।FIR वापसी तक प्रदर्शन जारी रखने की तैयारी
दीपके के अनुसार, पुलिस मुख्यालय पहुंचने के बाद प्रदर्शनकारी वहां तब तक रहने की योजना बना रहे हैं, जब तक छात्रों के खिलाफ दर्ज FIR वापस नहीं ली जातीं। हालांकि, मार्च और धरने की अनुमति को लेकर प्रशासन का पक्ष अलग बताया जा रहा है। इंडिया गेट को प्रदर्शन स्थल के रूप में चुनने पर दीपके ने कहा कि यह लंबे समय से अधिकारों की लड़ाई और विरोध का प्रतीक रहा है। उन्होंने 2012 के निर्भया आंदोलन का उदाहरण देते हुए कहा कि उस समय भी बड़ी संख्या में लोग अपनी मांगों को लेकर यहां जुटे थे।