जिले में आधार कार्ड के अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (MBU) को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने जिला स्तरीय आधार मॉनिटरिंग समिति की बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र बच्चों का आधार बायोमेट्रिक अपडेट समय सीमा के भीतर पूरा कराया जाए। कलेक्टर ने बताया कि अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट के लिए 30 सितंबर 2026 तक यह सुविधा पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध है। इसके बाद आधार अपडेट कराने पर प्रति व्यक्ति 125 रुपए शुल्क देना होगा।
5 और 15 वर्ष की आयु पूरी कर चुके बच्चों का होगा अपडेट
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि जिन बच्चों की उम्र 5 वर्ष और 15 वर्ष पूरी हो चुकी है, उनका आधार बायोमेट्रिक अपडेट कराना जरूरी है। इसके लिए शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि समय पर आधार अपडेट नहीं कराने से बच्चों और हितग्राहियों को सरकारी योजनाओं, छात्रवृत्ति, बैंकिंग सेवाओं और अन्य सुविधाओं का लाभ लेने में परेशानी आ सकती है। इसलिए अभिभावकों को जागरूक कर जल्द से जल्द यह प्रक्रिया पूरी कराई जाए।
स्कूलों और पंचायतों के माध्यम से चलेगा जागरूकता अभियान
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों, ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों के माध्यम से विशेष अभियान चलाया जाए। इसके तहत पात्र बच्चों की सूची तैयार कर 30 सितंबर तक उनका अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी विभागों को नियमित निगरानी करने और समय-समय पर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।
जिले में 23 हजार से ज्यादा बच्चों का आधार अपडेट बाकी
बैठक में जानकारी दी गई कि महासमुंद जिले में अब तक कुल 10 लाख 44 हजार 366 बच्चों का आधार तैयार हो चुका है। वहीं अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट के तहत 5 से 17 वर्ष आयु वर्ग के 23 हजार 583 बच्चों का आधार अपडेट अभी बाकी है। कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत 0 से 5 वर्ष के बच्चों का आधार बनाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करते हुए निर्धारित समय सीमा में लक्ष्य पूरा करें। बैठक में राज्य स्तर के नोडल अधिकारी और ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।