जिले के इरागांव थाना क्षेत्र में गौहत्या का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों को ग्राम पड्डे के जंगल में गाय को काटकर उसकी चमड़ी निकालते समय पकड़ा गया। घटनास्थल से सभी को हिरासत में लेकर थाने लाया गया, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।
विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने दी सूचना
घटना की जानकारी सबसे पहले विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को मिली थी। उन्होंने तत्काल इरागांव पुलिस को मामले की सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस ने टीम गठित कर ग्राम पड्डे के जंगल की ओर रवाना किया और बताए गए स्थान पर दबिश दी।
जंगल में मौके से पकड़े गए 6 आरोपी
पुलिस टीम जब जंगल में पहुंची तो वहां छह लोग गाय को काटने के बाद उसकी चमड़ी निकालते मिले। पुलिस ने सभी को मौके पर पकड़ लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि एक शोक कार्यक्रम के लिए मांस तैयार करने के उद्देश्य से गौहत्या की गई थी।एसडीओपी ने दी कार्रवाई की जानकारी
एसडीओपी अरुण कुमार नेताम ने बताया कि गौहत्या की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जंगल में दबिश दी थी। मौके पर छह लोगों को पकड़ा गया है। घटनास्थल की जांच करने के साथ ही मामले से संबंधित आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।
आरोपियों से पूछताछ, अन्य पहलुओं की जांच जारी
पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर घटना में उनकी भूमिका और इससे जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।