फीफा वर्ल्ड कप : रोनाल्डो के फ्लॉप शो के बीच कोलंबिया का ऐतिहासिक ड्रॉ, सांचेज के गोल पर मचा बवाल
फुटबॉल वर्ल्ड कप के ग्रुप-के के आखिरी मुकाबले में कोलंबिया और पुर्तगाल के बीच मैच 0-0 से ड्रॉ रहा। आखिरी मिनट में VAR ने कोलंबिया का गोल ऑफसाइड बताकर रद्द कर दिया, जिससे सोशल मीडिया पर विवाद छिड़ गया। रोनाल्डो के फीके प्रदर्शन पर भी फैंस ने जमकर आलोचना की।
क
कीर्तिमान न्यूज
28 Jun 2026, 10:12 AM
खेल डेस्क
फुटबॉल वर्ल्ड कप में रविवार को ग्रुप-के का आखिरी मुकाबला भले ही 0-0 की बराबरी पर छूटा हो, लेकिन मैदान से लेकर सोशल मीडिया तक हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। कोलंबिया और पुर्तगाल के बीच खेला गया यह मैच बिना किसी गोल के समाप्त हुआ।
आपको बता दें कि वर्ल्ड कप के इतिहास में यह पहला मौका है जब कोलंबिया का कोई मैच गोलरहित (0-0) रहा हो। इस ड्रॉ के बावजूद कोलंबिया 7 अंकों के साथ अपने ग्रुप में टॉप पर रहते हुए शान से 'राउंड ऑफ 32' में पहुंच गई है, जहां अब उसकी भिड़ंत घाना से होगी। दूसरी ओर, पुर्तगाल की टीम 5 अंक लेकर दूसरे स्थान पर रही और उसने भी अगले दौर का टिकट पक्का कर लिया।
गंवाए आसान मौके
दिलचस्प बात यह रही कि इसी ग्रुप से कांगो भी तीसरे नंबर पर रहकर अगले दौर में जगह बनाने में कामयाब रहा। भले ही स्कोरलाइन में कोई गोल न दिख रहा हो, लेकिन मैदान पर रोमांच चरम पर था। कोलंबियाई फॉरवर्ड्स ने पुर्तगाल के डिफेंस की धज्जियां उड़ाते हुए एक के बाद एक कुल 26 शॉट दागे, जिसमें से 6 सीधे टारगेट पर थे। हालांकि, जॉन कोर्डोबा, जॉन आरियास और रिचर्ड रियोस ने कुछ ऐसे आसान मौके गंवाए, जो सीधे गोल में तब्दील हो सकते थे।
90 मिनट तक जूझते दिखे रोनाल्डो
वहीं दूसरी तरफ, पुर्तगाल का खेल बेहद सुस्त और फीका नजर आया। टीम ने कुल 13 शॉट तो लिए, लेकिन उनमें से सिर्फ 2 ही टारगेट को हिट कर पाए। पुर्तगाल के फैंस के लिए सबसे बड़ी निराशा उनके कप्तान और स्टार फॉरवर्ड क्रिस्टियानो रोनाल्डो रहे। रोनाल्डो पूरे 90 मिनट तक मैदान पर जूझते दिखे और एक भी बेहतरीन मूव नहीं बना सके। उनकी एकमात्र लॉन्ग-रेंज फ्री-किक इतनी कमजोर थी कि फैंस ने वहीं सिर पकड़ लिया। मैच का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट आखिरी पलों में आया, जब मैदान पर भारी बवाल खड़ा हो गया।
फुट पड़ा फैंस का गुस्सा
खेल खत्म होने से ठीक एक मिनट पहले कोलंबिया के डेविंसन सांचेज ने एक कड़क हेडर के जरिए गेंद को सीधे नेट में डाल दिया था। कोलंबियाई खेमा जश्न में डूब चुका था, फुट पड़ा फैंस का गुस्सालेकिन तभी एंट्री हुई VAR (वीडियो असिस्टेंट रेफरी) की। लंबी जांच के बाद इस गोल को 'ऑफसाइड' करार देकर खारिज कर दिया गया। रिप्ले में देखा गया कि सांचेज के पैर का अंगूठा पुर्तगाली डिफेंडर की लाइन से मामूली सा आगे था। बस फिर क्या था, सोशल मीडिया पर फुटबॉल फैंस का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। कुछ फैंस ने तो फीफा पर गंभीर आरोप लगाते हुए यहां तक लिख दिया कि "फीफा हर हाल में रोनाल्डो को वर्ल्ड कप जिताने के लिए पक्षपात कर रहा है।"
फैंस की नाराजगी
पुर्तगाल के खुद के फैंस भी रोनाल्डो के इस रवैए से बेहद खफा दिखे। रोनाल्डो द्वारा बॉक्स के बाहर से बेवजह लिए गए शॉट्स और खराब फ्री-किक्स का वीडियो शेयर करते हुए एक यूजर ने लिखा— "क्रिस्टियानो रोनाल्डो को आखिर क्या हो गया है?" फैंस का आरोप था कि रोनाल्डो के इन मनमाने शॉट्स की वजह से पूरी टीम की लय बिगड़ रही है। इस गोलरहित ड्रॉ का एक बेहद दिलचस्प समीकरण भी सामने आया है।
पुर्तगाल का मुकाबला क्रोएशिया से
कोलंबिया से मैच ड्रॉ होने के कारण पुर्तगाल ग्रुप में दूसरे स्थान पर रहा, जिसका उन्हें एक बड़ा फायदा मिला है। अब पुर्तगाल की टीम फाइनल से पहले लियोनेल मेसी की अर्जेंटीना से भिड़ने से बच गई है। अब 'राउंड ऑफ 32' में पुर्तगाल का मुकाबला क्रोएशिया से होगा। हालांकि, आगे की राह भी आसान नहीं है; अगर पुर्तगाल क्रोएशिया को हरा देता है, तो प्री-क्वार्टर फाइनल में उसका सामना स्पेन जैसी बेहद खतरनाक और मजबूत टीम से हो सकता है।