Football News: रियल मैड्रिड के स्टार फॉरवर्ड विनिसियस जूनियर को चार लीग मैचों के लिए निलंबित कर दिया गया है। इस फैसले के चलते वह 26 अक्टूबर को बार्सिलोना के खिलाफ होने वाले एल-क्लासिको मुकाबले में नहीं खेल पाएंगे। स्पेनिश फुटबॉल फेडरेशन की अनुशासन समिति ने मैदान पर अनुचित व्यवहार और रेफरी के फैसले का विरोध करने के मामले में यह कार्रवाई की है।
ब्राजील के इस खिलाड़ी पर आरोप है कि उन्होंने 11 अक्टूबर को विलारियल के खिलाफ मुकाबले के दौरान विपक्षी खिलाड़ी नाथन सालिबा के बाल खींचे थे। इस मैच में विलारियल ने 1-0 से जीत दर्ज की थी। घटना के बाद विनिसियस का व्यवहार भी विवाद का विषय बन गया, जिसके चलते रेफरी ने उन्हें सीधे रेड कार्ड दिखा दिया।
बाल खींचने और रेफरी से बहस के लिए मिली सजा
अनुशासन समिति ने विनिसियस पर लगाए गए चार मैचों के प्रतिबंध को दो अलग-अलग घटनाओं से जोड़ा है। विपक्षी खिलाड़ी के बाल खींचने के लिए उन्हें दो मैचों का बैन मिला, जबकि रेफरी के साथ आक्रामक व्यवहार और फैसले का विरोध करने पर दो अतिरिक्त मैचों का प्रतिबंध लगाया गया। मैच के दौरान विवादित घटना के तुरंत बाद विनिसियस ने गोल किया था, लेकिन रेफरी ने उसे अमान्य करार देते हुए उन्हें लाल कार्ड दिखा दिया। इसके बाद मैदान से बाहर जाते समय भी उनका गुस्सा देखने को मिला। उनके साथी खिलाड़ियों ने उन्हें शांत कराने की कोशिश की।
इन मुकाबलों में नहीं खेल पाएंगे विनिसियस
चार मैचों के प्रतिबंध के कारण रियल मैड्रिड को अपने प्रमुख आक्रामक खिलाड़ियों में से एक के बिना मैदान पर उतरना होगा। विनिसियस सेविया के खिलाफ घरेलू मुकाबले के अलावा बार्सिलोना के खिलाफ एल-क्लासिको में भी उपलब्ध नहीं रहेंगे। इसके साथ ही रेसिंग सांतांदेर और वेलेंसिया के खिलाफ होने वाले अवे मैचों में भी वह टीम का हिस्सा नहीं बन पाएंगे। विनिसियस की गैरमौजूदगी रियल मैड्रिड के लिए चुनौती बन सकती है, खासकर एल-क्लासिको जैसे बड़े मुकाबले में, जहां टीम को अपने आक्रमण में अतिरिक्त मजबूती की जरूरत होगी।
बैन के ऐलान के समय पर कोच ने उठाए सवाल
स्पेनिश फुटबॉल फेडरेशन की अनुशासन समिति ने बुधवार को रियल मैड्रिड के चैंपियंस लीग मुकाबले से कुछ समय पहले प्रतिबंध की घोषणा की। फैसले के समय को लेकर रियल मैड्रिड के कोच जोस मोरिन्हो ने नाराजगी जताई। मोरिन्हो ने सवाल उठाया कि स्पेनिश फुटबॉल के लिए अहम मुकाबले की तैयारी कर रहे खिलाड़ी को मैच शुरू होने से महज दो घंटे पहले चार मैचों के प्रतिबंध की जानकारी देना कितना उचित है। उन्होंने कहा कि फैसले की घोषणा कुछ समय बाद या अगले दिन सुबह भी की जा सकती थी। कोच के मुताबिक, टीम को इसकी जानकारी उस समय मिली, जब खिलाड़ी स्टेडियम पहुंचने के लिए बस में सवार थे।रेफरी की रिपोर्ट में भी दर्ज हुआ विवाद
रेफरी इसिद्रो डियाज दे मेरा ने अपनी रिपोर्ट में लिखा कि रेड कार्ड दिखाए जाने के बाद विनिसियस ने उनके फैसले का आक्रामक अंदाज में विरोध किया था। रिपोर्ट के अनुसार, खिलाड़ी ऊंची आवाज में रेफरी से बात कर रहे थे और इस दौरान उनके साथी खिलाड़ियों ने उन्हें पीछे हटाने की कोशिश की। इस घटना के बाद रियल मैड्रिड की ओर से प्रतिबंध के खिलाफ अपील किए जाने की उम्मीद थी।
हालांकि, स्पेनिश मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, क्लब की शुरुआती अपील खारिज हो चुकी थी। विनिसियस पर लगा यह प्रतिबंध ऐसे समय आया है, जब रियल मैड्रिड को ला-लीगा में अहम मुकाबले खेलने हैं। अब टीम प्रबंधन को उनकी अनुपस्थिति में आक्रमण की रणनीति तैयार करनी होगी।







