History Change: सुनने की बाध्यता को जिसने कभी कमजोरी बनने नहीं दिया और आज उसने फुटबॉल के मैदान पर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। भिलाई-3 के विशाल वाधवानी (25) ने दक्षिण कोरिया में 5वीं एशिया-पैसिफिक डेफ फुटबॉल चैंपियनशिप में चीन के खिलाफ हुए मुकाबले में भारत ने 2-1 से जीत दिलाकर खूब शबासी ली है। खास बात यह है कि डेफ फुटबॉल के इतिहास में चीन पर भारत की यह पहली जीत है। इससे पहले 2011 में चीन ने भारत को 5-0 से करारी शिकस्त दी थी।
चरोदा के मैदान से अंतरराष्ट्रीय सफर तक
छत्तीसगढ़ से भारतीय डेफ फुटबॉल टीम में जगह बनाने वाले विशाल इकलौते खिलाड़ी हैं। बाएं छोर (लेफ्ट विंगर) से खेलने वाले विशाल ने 2010 में फुटबॉल की बारीकियां सीखनी शुरू की थीं। चरोदा रेलवे इंस्टीट्यूट के मैदान पर रोज़ाना की कड़ी मेहनत ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया। वे पहले मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ओर से इंदौर में भी टूर्नामेंट खेल चुके हैं। अपने खेल के दम पर दो बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चुने गए। विशाल का मौजूदा चयन बेंगलुरु के खेलगांव के जरिए भारतीय टीम में हुआ है।
एशिया-पैसिफिक डेफ फुटबॉल चैंपियनशिप
एशिया-पैसिफिक क्षेत्र के बधिर (Deaf) फुटबॉल खिलाड़ियों की अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता है। यह टूर्नामेंट बधिर फुटबॉल खिलाड़ियों को क्षेत्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने और विश्व स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए क्वालीफाई करने का मंच देता है।
अब दक्षिण कोरिया, नेपाल और ताइवान की चुनौती
भारतीय टीम का आगे का शिड्यूल भी काफी व्यस्त और अहम रहा है। 25 नवंबर को टीम का सामना मेजबान दक्षिण कोरिया, 26 नवंबर को नेपाल और 27 नवंबर को ताइवान से होगा। इन मैचों में भी टीम को विशाल से उसी तरह के आक्रामक और असरदार खेल की उम्मीद है। भिलाई-3 निवासी गुरुमुखदास वाधवानी और दया वाधवानी के बेटे विशाल की इस कामयाबी से पूरे सिंधी समाज और स्थानीय खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है। चरोदा के धूल भरे मैदान से शुरू हुआ एक लड़के का सपना अब एशियाई मंच पर चमक रहा है।
भिलाई का बेटा विशाल
विशाल वाधवानी, स्थानीय स्तर पर बीएमवाई (BMY) फुटबॉल क्लब, चरोदा से जुड़े रहे हैं। जो भारतीय राष्ट्रीय डेफ फुटबॉल टीम का प्रतिनिधित्व करते हैं। दक्षिण कोरिया में आयोजित 5वीं एशिया-पैसिफिक डेफ फुटबॉल चैंपियनशिप में विशाल वाधवानी ने चीन के खिलाफ शानदार गोल दागकर भारत को 2-1 से ऐतिहासिक जीत दिलाई। डेफ फुटबॉल के इतिहास में चीन के विरुद्ध भारत की इस जीत को 15 साल पुरानी हार के बदले के रूप में देखा जा रहा है।












