Bastar Olympic: छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में खेलों को लेकर उत्साह एक बार फिर देखने को मिल रहा है। सोमवार, 23 नवंबर से कांकेर जिले में दो दिवसीय जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक 2026 की शुरुआत हो रही है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से लगातार तीसरे साल आयोजित इस प्रतियोगिता में इस बार छह लाख से अधिक खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है।
23 और 24 नवंबर को होने वाले इस आयोजन में खिलाड़ी 11 अलग-अलग खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। प्रतियोगिता के पहले दिन 23 नवंबर को जूनियर वर्ग के मुकाबले आयोजित होंगे। वहीं, 24 नवंबर को सीनियर वर्ग के खिलाड़ी मैदान में उतरेंगे।
11 खेलों में दिखेगा खिलाड़ियों का दम
बस्तर ओलंपिक में कबड्डी, खो-खो, फुटबॉल, हॉकी, वॉलीबॉल, बैडमिंटन और तीरंदाजी सहित कुल 11 खेलों को शामिल किया गया है। प्रतियोगिताओं के लिए नरहरदेव स्कूल मैदान, मिनी स्टेडियम और कन्या क्रीड़ा परिसर में व्यवस्था की गई है।
खिलाड़ियों की संख्या में महिलाओं ने पुरुषों को पछाड़ा
इस बार बस्तर ओलंपिक के पंजीयन आंकड़ों में महिलाओं की भागीदारी सबसे ज्यादा चर्चा में है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, कुल 6 लाख 492 खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता के लिए पंजीयन कराया है। इनमें 3 लाख 83 हजार 94 महिलाएं और 2 लाख 18 हजार 398 पुरुष शामिल हैं। आंकड़े बताते हैं कि खेलों में भागीदारी को लेकर बस्तर की बेटियों में खासा उत्साह है।उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने जताई खुशी
बस्तर ओलंपिक के तीसरे संस्करण में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों के पंजीयन पर उपमुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि पिछले दो आयोजनों के जरिए बस्तर ओलंपिक ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। अरुण साव के मुताबिक, इस आयोजन का उद्देश्य शासन और आम लोगों के बीच सीधा जुड़ाव बढ़ाने के साथ बस्तर के युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ना है। इसके जरिए स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने और उन्हें आगे चलकर बेहतर खिलाड़ी के रूप में तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है।











