Snooker Championship: अनुपमा रामचंद्रन ने फिर लहराया भारत का परचम, लगातार दूसरी बार जीता विश्व खिताब
Snooker Championship: भारतीय स्नूकर खिलाड़ी अनुपमा रामचंद्रन ने IBSF वर्ल्ड स्नूकर चैंपियनशिप 2026 में महिला वर्ग का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। उन्होंने फाइनल में हांगकांग की सो मैन यान को 3-1 से हराकर लगातार दूसरी बार विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
प्रकाशित: 22 Nov 2026, 12:54 PM· 3 मिनट पढ़ने का समय
खेल डेस्क
AI द्वारा तैयार ~1 मिनट सारांश
Snooker Championship: IBSF वर्ल्ड स्नूकर 2026 का समापन भारतीय खिलाड़ी अनुपमा रामचंद्रन की ऐतिहासिक जीत के साथ हुआ। इंदौर के यशवंत क्लब में आयोजित प्रतियोगिता में 24 वर्षीय अनुपमा ने महिला वर्ग का खिताब अपने नाम कर लिया। उन्होंने फाइनल में हांगकांग की सो मैन यान को 3-1 से हराया। इस जीत के साथ अनुपमा लगातार दूसरी बार विश्व चैंपियन बनने वाली पहली महिला खिलाड़ी बन गई हैं। महिला वर्ग के फाइनल में अनुपमा को शुरुआत में थोड़ी मुश्किल का सामना करना पड़ा। सो मैन यान ने पहली फ्रेम 58-16 से जीतकर मुकाबले में बढ़त बना ली थी।
हालांकि, इसके बाद भारतीय खिलाड़ी ने शानदार वापसी करते हुए मैच का रुख बदल दिया। अनुपमा ने दूसरी फ्रेम 83-7, तीसरी फ्रेम 85-26 और चौथी फ्रेम 65-37 से जीतकर लगातार तीन फ्रेम अपने नाम किए। इस तरह उन्होंने 3-1 से मुकाबला जीतकर विश्व खिताब पर अपना कब्जा बरकरार रखा। भारतीय दर्शकों के सामने मिली इस जीत ने उनके लिए इस उपलब्धि को और खास बना दिया।
दोहा के बाद इंदौर में भी कायम रखा दबदबा
अनुपमा रामचंद्रन ने नवंबर 2025 में कतर की राजधानी दोहा में आयोजित विश्व महिला स्नूकर चैंपियनशिप का खिताब जीता था। उस समय फाइनल में उन्होंने हांगकांग की एनजी ऑन यी को 3-2 से हराया था। सीनियर स्तर पर वह उनका पहला विश्व खिताब था। अब इंदौर में खिताब का सफलतापूर्वक बचाव कर उन्होंने अपनी उपलब्धियों में एक और बड़ी कामयाबी जोड़ ली है। लगातार दो बार विश्व चैंपियन बनने के साथ अनुपमा ने अंतरराष्ट्रीय स्नूकर में भारत की मजबूत मौजूदगी भी दर्ज कराई है।
अनुपमा का अंतरराष्ट्रीय करियर कम उम्र में ही शुरू हो गया था। साल 2017 में उन्होंने अंडर-16 गर्ल्स वर्ल्ड ओपन स्नूकर चैंपियनशिप जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। इसके बाद 2023 में रियाद में आयोजित IBSF विश्व अंडर-21 महिला स्नूकर चैंपियनशिप में भी उन्होंने खिताबी जीत दर्ज की। इसी साल टीम स्पर्धा में विश्व महिला स्नूकर कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा बनकर भी उन्होंने देश को गौरवान्वित किया। लगातार मिल रही सफलताओं के बीच अब दो बार सीनियर विश्व चैंपियन बनने की उपलब्धि उनके करियर का अहम पड़ाव बन गई है।
पुरुष वर्ग में ईरान के अली घरहागोजलू बने चैंपियन
प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में ईरान के 32 वर्षीय खिलाड़ी अली घरहागोजलू ने खिताब जीता। फाइनल में उन्होंने हांगकांग के 24 वर्षीय टैम युन फंग को 5-1 से शिकस्त दी। इस जीत के साथ अली ने भी दूसरी बार विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। भारतीय बिलियर्ड्स एवं स्नूकर महासंघ (BSFI) के शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में 30 से अधिक देशों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
अनुपमा रामचंद्रन स्नूकर खेलते हुए
स्नूकर को भारत में लोकप्रिय बनाने पर दिया जोर
लगातार दूसरी बार विश्व खिताब जीतने के बाद अनुपमा ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि पहली बार विश्व चैंपियन बनना उनके लिए खास था, लेकिन दूसरी बार खिताब का बचाव करना और भी यादगार अनुभव रहा। भारतीय दर्शकों के सामने इंदौर में जीत हासिल करना उनके लिए गर्व का पल है। उन्होंने बताया कि दिसंबर में होने वाली नेशनल चैंपियनशिप में भी वह हिस्सा लेंगी। इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर अगले साल का खेल कैलेंडर तय किया जाएगा। अनुपमा ने भारत में स्नूकर की लोकप्रियता बढ़ाने की जरूरत पर भी बात की। उनका कहना है कि देश में अब भी बड़ी संख्या में लोग इस खेल से परिचित नहीं हैं। ऐसे में खिलाड़ियों की कोशिश है कि स्नूकर को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाए, ताकि दर्शक इस खेल को समझें और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाएं।