Illegal Sand Mining: सजा और एफआईआर भी बेअसर, घुटकू में अरपा नदी से धड़ल्ले से निकल रही रेत
Illegal Sand Mining: बिलासपुर के घुटकू इलाके में अरपा नदी से अवैध रेत उत्खनन का मामला सामने आया है। लगातार खुदाई के कारण नदी का किनारा 12 से 15 फीट तक गहरा हो गया है, जिससे मिट्टी का कटाव बढ़ रहा है और किसानों की उपजाऊ जमीन नदी में समा रही है। स्थानीय लोगों ने करीब 10 वर्षों से खनन जारी रहने और शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने की बात कही है। वहीं, प्रशासन का दावा है कि अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई जारी है और कई मामलों में आरोपियों को सजा भी सुनाई गई है।
Illegal Sand Mining: बिलासपुर जिले में अवैध रेत खनन और परिवहन पर सख्ती के दावों के बावजूद जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। लगातार एफआईआर दर्ज होने और कई मामलों में आरोपितों को तीन-तीन साल तक की सजा मिलने के बाद भी रेत के अवैध कारोबार पर लगाम नहीं लग पा रही है। शहर के नजदीक घुटकू इलाके में अरपा नदी से
खुलेआम रेत निकाले जाने की तस्वीरें सामने आई हैं। स्थानीय लोगों और जमीनी हालात के मुताबिक, माफिया तय रेत घाट की सीमा को लांघकर दूसरे हिस्सों में भी खनन करवा रहे हैं। बेरोकटोक खुदाई की वजह से नदी का किनारा 12 से 15 फीट तक गहरा हो चुका है। नतीजा यह है कि मिट्टी का कटाव तेजी से बढ़ रहा है और नदी के किनारे खेती करने वाले किसानों की उपजाऊ जमीन हर साल पानी के साथ बहती जा रही है।
पड़ताल में सामने आई खनन और सप्लाई की तस्वीर
घुटकू और आसपास के इलाकों की स्थिति देखने पर पता चला कि वहां अवैध खनन का काम किस तरह चल रहा है। घुटकू रेत घाट के पास नदी से ट्रैक्टरों के जरिए रेत निकालते लोग साफ नजर आए। घाट से करीब एक किलोमीटर के दायरे में
नदी के भीतर ट्रैक्टरों की लंबी कतार लगी हुई थी। खनन वाले इलाके के ठीक पास किसानों के खेत हैं। खेतों के रास्ते नदी किनारे तक पहुंचने पर 15 फीट तक गहरे गड्ढे दिखाई दिए। लगातार हो रही खुदाई से नदी का किनारा ढीला पड़ गया है और मिट्टी धंस रही है।
रेत निकालने से लेकर उसे ठिकाने लगाने तक का पूरा नेटवर्क व्यवस्थित तरीके से चलता दिखता है:
दिन के समय ट्रैक्टरों से रेत निकालकर सड़क के किनारे इकट्ठा किया जाता है।
बाद में बैकहो लोडर की मदद से उसे हाइवा में भरकर आगे भेज दिया जाता है।
रात में निकाली गई रेत की ढुलाई के लिए सुबह 5 से 11 बजे का समय चुना जाता है।
10 साल से जारी खुदाई, सिमटती जमीन और शिकायतों की अनदेखी
नदी किनारे खेती करने वाले 70 वर्षीय किसान श्यामलाल पटेल बताते हैं कि वे बचपन से इसी जमीन पर खेती करते आ रहे हैं। उनके अनुसार, पिछले करीब 10 सालों से नदी में अवैध खनन चल रहा है। हर मानसून में नदी का कमजोर किनारा कटता है और पानी के बहाव में जमीन बह जाती है। अब तक उनकी लगभग 25 से 30 फीट जमीन नदी में समा चुकी है, जिससे खेती का रकबा लगातार कम हो रहा है। उन्होंने सरपंच से लेकर जिला प्रशासन तक कई बार शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
सख्त कार्रवाई और सजा के बाद भी नहीं थम रहा खेल
प्रशासन की ओर से कार्रवाई के दावे किए जाते रहे हैं, लेकिन रेत माफिया पर इसका डर कम ही दिखता है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर 15 जून 2025 से शुरू किए गए विशेष अभियान के दौरान खनिज, राजस्व और पुलिस विभाग ने मिलकर कार्रवाई की थी, जिसमें 66 मामलों में एफआईआर दर्ज हुई थी। हाल ही में बिलासपुर के विशेष न्यायाधीश (खान एवं खनिज अधिनियम) ने एक मामले में अनिल कुमार गौलिया को तीन साल के कठोर कारावास और 26 हजार रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई। यह मामला 17 जून 2025 को नगोई घाट स्थित अरपा नदी से जेसीबी (क्रमांक सीजी 11 एबी 3246) के जरिए अवैध रेत परिवहन से जुड़ा था। इससे ठीक पहले 16 जून को कोटा थाना क्षेत्र के लारीपारा घाट मामले में भी ट्रैक्टर मालिक-चालक सुरेंद्र कुमार कुर्रे और ट्रॉली मालिक विजय बघेल को तीन-तीन साल की सजा सुनाई गई थी।
मौके पर मिले मजदूरों और चालकों ने क्या कहा?
ट्रैक्टर चालक की बात: घुटकू घाट पर रेत निकाल रहे एक ट्रैक्टर चालक ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि यहां सुबह से शाम तक काम चलता है। उसके मुताबिक, गांव के पंच पिछले कई महीनों से यह खनन करवा रहे हैं और एक ट्रैक्टर रेत के लिए 1400 रुपये लिए जाते हैं।
बैकहो लोडर चालक की बात: सड़क किनारे पड़ी रेत को बैकहो लोडर से हाइवा में लोड कर रहे चालक ने बताया कि वह केवल दैनिक मजदूरी पर काम करता है। उसने बताया कि वहां डंप की गई रेत गांव के अमित नाम के व्यक्ति की है और एक हाइवा रेत की कीमत 6200 रुपये बताई जाती है।
प्रशासन का क्या कहना है?
इस पूरे मामले पर बिलासपुर के कलेक्टर संजय अग्रवाल का कहना है कि अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। एफआईआर दर्ज करने के साथ-साथ अदालत से आरोपितों को सजा भी मिल रही है, और जहां भी शिकायतें मिल रही हैं, वहां कार्रवाई जारी है।