India A vs Pakistan A: मेन्स एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में भारत ए को पाकिस्तान ए के खिलाफ 48 रन से हार का सामना करना पड़ा। 314 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम तिलक वर्मा के शानदार शतक और अभिषेक शर्मा की 70 रन की पारी के बावजूद जीत हासिल नहीं कर सकी। पूरी टीम 49.1 ओवर में 265 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
दोहा के वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में पाकिस्तान ए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 313 रन बनाए थे। जवाब में भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। शुरुआती दो विकेट जल्दी गिरने के बाद अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा ने पारी को संभाला, लेकिन दोनों के आउट होते ही टीम की मुश्किलें बढ़ गईं।
पाकिस्तान ए ने खड़ा किया 313 रन का स्कोर
टॉस जीतकर पाकिस्तान ए के कप्तान अब्दुल समद ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम को शमील हुसैन और माज सदाकत ने अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 66 रन जोड़े। आयुष बडोनी ने शमील को 33 रन के निजी स्कोर पर आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद हर्षित राणा ने रोहेल नजीर को पवेलियन भेजा। माज सदाकत ने 63 गेंदों में 59 रन बनाए, जबकि कप्तान अब्दुल समद ने 35 गेंदों पर 28 रन का योगदान दिया। वह रन आउट हुए। पाकिस्तान की ओर से हसन नवाज ने सबसे बड़ी पारी खेली। उन्होंने 82 गेंदों में 79 रन बनाए। वहीं इमरान ने 14 गेंदों पर तेजी से 23 रन जोड़े। मसूद 9 रन बनाकर आउट हुए। इस तरह पाकिस्तान ए ने 313 रन का मजबूत स्कोर खड़ा करते हुए भारत के सामने 314 रन का लक्ष्य रखा।
भारत की शुरुआत बिगड़ी, शुरुआती दो विकेट गिरे
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारत ए की टीम को शुरुआती ओवरों में ही दो बड़े झटके लगे। मोहम्मद इमरान रंधावा ने वैभव सूर्यवंशी को 11 रन के स्कोर पर आउट कर दिया। इसके बाद अली रजा ने आयुष बडोनी को बोल्ड कर दिया। बडोनी अपना खाता भी नहीं खोल सके। लगातार दो विकेट गिरने से भारतीय टीम दबाव में आ गई। ऐसे समय में अभिषेक शर्मा ने आक्रामक अंदाज अपनाया और तिलक वर्मा के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया। अभिषेक शर्मा ने पाकिस्तान के गेंदबाजों पर जवाबी हमला करते हुए महज 42 गेंदों में 70 रन की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में छह चौके और छह छक्के लगाए। उनकी बल्लेबाजी से भारत ए की रन गति में तेजी आई और टीम की जीत की उम्मीदें बनी रहीं। हालांकि, 15.5 ओवर में हसन नवाज ने अभिषेक को आउट कर दिया। अब्दुल समद ने उनका कैच पकड़ा। अभिषेक के जाने के बाद भारतीय पारी की जिम्मेदारी तिलक वर्मा के कंधों पर आ गई।
🚨 PAKISTAN A WON BY 48 RUNS AGAINST INDIA A. 🚨 https://t.co/GqVCg6jjci
— Cricket Central (@CricketCentrl) November 22, 2026
🚨 PAKISTAN A WON BY 48 RUNS AGAINST INDIA A. 🚨 https://t.co/GqVCg6jjci
— Cricket Central (@CricketCentrl) November 22, 2026चोट के बावजूद तिलक वर्मा ने जड़ा शतक
तिलक वर्मा ने मुश्किल परिस्थितियों में शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। मैच के दौरान फील्डिंग करते समय उनके सिर में चोट लगी थी। इसके अलावा 11वें ओवर में उनकी कोहनी में भी चोट आई। इसके बावजूद उपचार के बाद उन्होंने बल्लेबाजी जारी रखी और शतक पूरा किया। तिलक की पारी ने भारत ए को मुकाबले में बनाए रखा। एक समय उनकी बल्लेबाजी से भारतीय खेमे में जीत की उम्मीद जगी थी, लेकिन दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरने के कारण टीम लक्ष्य से दूर होती चली गई।
पाकिस्तान के गेंदबाजों ने भारतीय बल्लेबाजी को रोका
अभिषेक शर्मा के आउट होने के बाद पाकिस्तान ए के गेंदबाजों ने मैच पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली। सुफियान मुकीम ने कुमार कुशाग्र को बोल्ड किया। कुशाग्र सिर्फ दो रन बना सके। इसके बाद हसन नवाज ने रिंकू सिंह को छह रन के निजी स्कोर पर बोल्ड कर दिया। सूर्यांश शेडगे भी ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सके और तीन रन बनाकर आउट हो गए। पाकिस्तान की ओर से अली रजा और हसन नवाज ने तीन-तीन विकेट हासिल किए। उनकी गेंदबाजी के सामने भारतीय बल्लेबाजों को लगातार संघर्ष करना पड़ा।
48 रन से जीता पाकिस्तान ए
तिलक वर्मा के शतक और अभिषेक शर्मा की तेजतर्रार पारी के बावजूद भारत ए की टीम 49.1 ओवर में 265 रन पर सिमट गई। इस तरह पाकिस्तान ए ने मुकाबला 48 रन से अपने नाम कर लिया। टूर्नामेंट में भारत ए ने अपने पहले मुकाबले में नेपाल को 306 रन से हराकर शानदार शुरुआत की थी। वहीं पाकिस्तान ए ने यूएई को 61 रन से शिकस्त दी थी। भारत के खिलाफ इस जीत के साथ पाकिस्तान ए ने राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली।












