दंतेवाड़ा जिले में एक दर्दनाक घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। महासमुंद निवासी 25 वर्षीय ट्रक ड्राइवर ताम्रध्वज साहू ने आत्महत्या से पहले सोशल मीडिया पर कई भावुक वीडियो पोस्ट किए और इसके कुछ समय बाद उसका शव गीदम थाना क्षेत्र के बंजारी घाट के पास एक पेड़ से लटका मिला। घटना के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है और वायरल वीडियो को महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में खंगाला जा रहा है।
आत्महत्या से पहले रिकॉर्ड किए गए वीडियो में ताम्रध्वज ने अपनी मां से माफी मांगते हुए कहा कि वह परिवार की जिम्मेदारियां पूरी नहीं कर पाया। उसने अपने ट्रक मालिक लक्ष्मण के नाम भी संदेश छोड़ा और दावा किया कि सड़क हादसे में उसकी कोई गलती नहीं थी। युवक ने कहा कि उसने वाहन को नियंत्रित करने के लिए ब्रेक लगाए थे, लेकिन ट्रक नियंत्रण से बाहर हो गया और दुर्घटना हो गई।
बंजारी घाट में हुआ था सड़क हादसा
जानकारी के अनुसार ताम्रध्वज रायपुर की एक ट्रांसपोर्ट कंपनी का ट्रक चलाता था। गुरुवार को वह जगदलपुर से सामान लेकर गीदम की ओर जा रहा था। इसी दौरान गीदम थाना क्षेत्र के बंजारी घाट में सामने से आ रही एक मर्सिडीज कार से उसकी टक्कर हो गई। हादसे के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बन गई। आत्महत्या से पहले बनाए गए वीडियो में ताम्रध्वज ने आरोप लगाया कि दुर्घटना के बाद मर्सिडीज सवार लोगों ने उसके साथ मारपीट की। उसने दावा किया कि मौके पर अन्य लोगों को भी बुलाया गया, जिन्होंने उसे पीटा और उसके परिवार को बर्बाद करने तथा जान से मारने की धमकी दी। युवक ने कहा कि इन घटनाओं से वह मानसिक रूप से बेहद परेशान हो गया था।ट्रक के ब्रेक फेल होने का किया दावा
वीडियो में ताम्रध्वज ने बताया कि ट्रक न्यूट्रल स्थिति में चल रहा था और उसने ब्रेक लगाने की कोशिश की थी, लेकिन वाहन का केवल एक ब्रेक काम कर रहा था। उसके अनुसार इसी वजह से ट्रक नियंत्रण से बाहर हो गया और दुर्घटना हुई। पुलिस इस दावे की भी तकनीकी जांच कर रही है। युवक ने आत्महत्या से पहले करीब आठ वीडियो रिकॉर्ड किए। इनमें उसने यह भी बताया कि वह मुख्य सड़क से 30 से 40 मीटर अंदर एक पेड़ के पास फांसी लगाने जा रहा है। वीडियो में उसने रस्सी का फंदा भी दिखाया। इसके बाद उसने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले की जांच कर रहे एसडीओपी गोविंद सिंह दीवान के अनुसार ट्रक मालिक ने पुलिस को फोन कर युवक के आत्महत्या करने की आशंका जताई थी। ट्रक मालिक ने बताया था कि युवक ने सोशल मीडिया पर कई वीडियो पोस्ट किए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने मोबाइल नंबर ट्रेस कर लोकेशन निकाली और मौके पर पहुंची।
लोकेशन ट्रेस होने पर मिला शव
पुलिस टीम जब बताए गए स्थान पर पहुंची तो युवक का शव पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिला। शव को नीचे उतारकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार दुर्घटना में शामिल मर्सिडीज कार बीजापुर जिले के एक व्यक्ति से जुड़ी बताई जा रही है। जांच के दौरान वाहन के स्वामित्व और दुर्घटना के समय उसमें सवार लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्घटना में शामिल मर्सिडीज कार का नंबर KA03MQ6809 है। आरटीओ रिकॉर्ड के मुताबिक यह वाहन आतिफ अफरोज पाशा के नाम पर पंजीकृत बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।पुलिस सभी पहलुओं की कर रही जांच
पुलिस वायरल वीडियो, दुर्घटना स्थल, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आत्महत्या के कारणों, दुर्घटना के हालात और युवक द्वारा लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच की जाएगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई तय होगी।
