कवर्धा जिले में वृद्ध महिलाओं को अकेला देखकर उनके गले से सोने-चांदी के आभूषण छीनने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। कबीरधाम साइबर थाना और पिपरिया पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के आभूषण, वारदात में इस्तेमाल की गई तीन बाइक और नकदी सहित कुल 3.41 लाख रुपए का सामान बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक ने प्रेसवार्ता में बताया कि पिछले दो महीनों से जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में वृद्ध महिलाओं के साथ आभूषण छीनने की घटनाएं सामने आ रही थीं। इन मामलों में थाना पिपरिया, पांडातराई और चौकी पौड़ी में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।
तीन आरोपियों ने की चोरी, तीन ने खरीदे चाेरी के गहने
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह के मुख्य आरोपी नैनदास बंजारे, मनोज जांगड़े और राधेलाल चतुर्वेदी वारदातों को अंजाम देते थे। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि चोरी किए गए आभूषण उन्होंने नीतीश बंशे, खेलन डहरिया और बबला डहरिया को बेच दिए थे। इसके बाद पुलिस ने इन तीनों को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पहले गांवों में घूमकर अकेली वृद्ध महिलाओं की जानकारी जुटाते थे। इसके बाद बाइक से मुंह ढककर पहुंचते और मौका मिलते ही महिलाओं के गले से सोने-चांदी के आभूषण छीनकर फरार हो जाते थे। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने कुछ आभूषण बेच दिए थे, जबकि कुछ सामान अपने पास छिपाकर रखा था। पूछताछ के बाद पुलिस ने चोरी का सामान बरामद कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों के नाम
पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन बाइक, करीब 6 ग्राम सोने के आभूषण और 1 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं। बरामद सामान की कुल कीमत लगभग 3.41 लाख रुपए बताई गई है। नैनदास बंजारे (23 वर्ष) मनोज जांगड़े (22 वर्ष) राधेलाल चतुर्वेदी (23 वर्ष) बबला डहरिया (28 वर्ष) खेलन डहरिया (25 वर्ष) नीतीश बंशे (25 वर्ष) सभी आरोपी बैहरसरी, चौकी पौड़ी, थाना बोड़ला क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। पुलिस अब आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।