ऐतिहासिक छलांग : प्राइवेट रॉकेट विक्रम-1 ने पहली ही उड़ान में रचा इतिहास
हैदराबाद की निजी कंपनी स्काईरूट एयरोस्पेस का पहला ऑर्बिटल रॉकेट विक्रम-1 अपने पहले ही मिशन मिशन आगमन में सफलतापूर्वक पृथ्वी की निचली कक्षा (LEO) में पहुंच गया। इस उपलब्धि के साथ भारत उन चुनिंदा देशों में शामिल हो गया है, जहां निजी कंपनियां ऑर्बिटल रॉकेट लॉन्च करने में सफल रही हैं। यह सफलता भारत के निजी स्पेस सेक्टर और वैश्विक स्पेस बिजनेस के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
भारतीय अंतरिक्ष विज्ञान के इतिहास में शनिवार का दिन एक बड़े स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज हो गया है। देश के प्राइवेट स्पेस सेक्टर ने वह कर दिखाया है, जिसकी कल्पना कुछ साल पहले तक नामुमकिन सी लगती थी। हैदराबाद की निजी स्टार्टअप कंपनी 'स्काईरूट एयरोस्पेस' (Skyroot Aerospace) का पहला ऑर्बिटल रॉकेट 'विक्रम-1' अपने पहले ही प्रयास में अंतरिक्ष की कक्षा भेदने में कामयाब रहा।
इस अभूतपूर्व कामयाबी के साथ ही भारत दुनिया के उन गिने-चुने देशों के एलीट क्लब में शामिल हो गया है, जहां निजी कंपनियां अपने दम पर रॉकेट बनाकर उन्हें सफलतापूर्वक पृथ्वी की कक्षा (ऑर्बिट) में स्थापित कर रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस सफलता को देश के लिए एक 'ऐतिहासिक पल' करार दिया है।
नए युग के आगमन का प्रीतक
इस खास अभियान को 'मिशन आगमन' नाम दिया गया था, जो भारतीय अंतरिक्ष विज्ञान के नए युग के आगमन का प्रतीक बन गया है। शनिवार की सुबह श्रीहरिकोटा स्थित इसरो (ISRO) के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र पर उत्सुकता और तनाव का माहौल था। तय शेड्यूल के मुताबिक रॉकेट को सुबह 11:30 बजे उड़ान भरनी थी, लेकिन ऐन वक्त पर नेविगेशन सिस्टम में तकनीकी खामी का अलर्ट आने के कारण लॉन्चिंग को कुछ देर के लिए रोक दिया गया।
विक्रम-1 ने गर्जना के भरी उड़ान
वैज्ञानिकों ने तुरंत मोर्चा संभाला और सभी प्रणालियों की बारीकी से जांच की। आखिरकार, दोपहर 12:05 बजे जब हरी झंडी मिली, तो विक्रम-1 ने गर्जना के साथ आसमान का सीना चीर दिया। लॉन्च के महज कुछ ही मिनटों के भीतर रॉकेट ने अपने सभी पेलोड्स को पृथ्वी की निचली कक्षा (लोअर अर्थ ऑर्बिट) में करीब 450 किलोमीटर की ऊंचाई पर बेहद सटीकता के साथ स्थापित कर दिया।
परखा अंतरिक्ष में पहंचने की क्षमता
अब तक अंतरिक्ष में रॉकेट भेजने का एकाधिकार मुख्य रूप से भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के पास ही था। लेकिन विक्रम-1 की सफलता ने साबित कर दिया है कि अब भारतीय निजी कंपनियां भी बड़े मिशनों को अंजाम देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। इस मिशन के जरिए न सिर्फ कम लागत में छोटे सैटलाइट्स को अंतरिक्ष में पहुंचाने की क्षमता को परखा गया, बल्कि अंतरिक्ष के मलबे (Space Debris) को साफ करने वाली बेहद आधुनिक रोबोटिक तकनीक का भी सफल परीक्षण किया गया।
दो दोस्तों की दूरदर्शिता और मेहनत
इस बड़ी कामयाबी के पीछे इसरो छोड़कर निकले दो दोस्तों की दूरदर्शिता और कड़ी मेहनत है। स्काईरूट एयरोस्पेस के दोनों संस्थापकों ने कभी इसरो में वैज्ञानिक के रूप में काम किया था। अपनी खुद की कंपनी बनाकर उन्होंने आज देश को अंतरिक्ष के ग्लोबल मार्केट में एक नई ताकत के रूप में खड़ा कर दिया है।
अंतरिक्ष में गया 'वंदे मातरम' और भारत के दिग्गजों की मूर्तियां
पीएम का संदेश: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों से लिखा हुआ 'वंदे मातरम' का एक पोस्टकार्ड इस रॉकेट के जरिए अंतरिक्ष के सफर पर गया।
वैज्ञानिकों को सम्मान: देश के तीन महान वैज्ञानिकों—डॉ. विक्रम साराभाई, सर सी. वी. रमन और डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की सूक्ष्म (माइक्रो) मूर्तियां भी इस मिशन का हिस्सा बनीं।
यात्रियों की यादें: इसके साथ ही कई भारतीय वैज्ञानिकों, इंजीनियरों और अंतरिक्ष यात्रियों के पोस्टकार्ड्स के अलावा 18 कैरेट सोने से बना एक छोटा रॉकेट मॉडल भी स्पेस में भेजा गया।
तेजी से बढ़ रही छोटे सैटलाइट्स की डिमांड
किसी भी रॉकेट को पहली ही बार में अंतरिक्ष की कक्षा तक सुरक्षित पहुंचाना विज्ञान की दुनिया में सबसे जटिल कामों में से एक माना जाता है। इसके लिए इंजन, सॉफ्टवेयर, नेविगेशन और सैकड़ों जटिल तकनीकों का एक साथ 100% सही काम करना जरूरी होता है। स्काईरूट ने यह कारनामा पहले ही प्रयास में कर दिखाया है। आज की तारीख में दुनिया भर में छोटे सैटलाइट्स की डिमांड तेजी से बढ़ रही है।
निजी कंपनियां भी ले सकेंगी ठेका
चाहे मोबाइल नेटवर्क हो, इंटरनेट हो, मौसम की भविष्यवाणी, खेती या फिर डिफेंस और आपदा प्रबंधन—हर जगह इन सैटलाइट्स की जरूरत है। साल 2025 के आंकड़े बताते हैं कि दुनिया भर में 329 ऑर्बिटल लॉन्च हुए, जो पिछले सालों के मुकाबले 25% ज्यादा थे। वहीं पेलोड भेजने के मामले में 60% की भारी बढ़ोतरी देखी गई है। इस कामयाबी के बाद अब भारत की निजी कंपनियां भी विदेशी देशों और कंपनियों के सैटलाइट लॉन्च करने के ठेके ले सकेंगी। इससे देश में भारी मात्रा में विदेशी मुद्रा आएगी।
युवाओं के लिए नौकरियों के रास्ते खुलेंगे
स्काईरूट जैसी कंपनियां सिर्फ लॉन्चिंग सर्विस नहीं देतीं, बल्कि रॉकेट के इंजन, फ्लाइट कंप्यूटर और कार्बन फाइबर स्ट्रक्चर खुद बनाती हैं। ऐसे में देश के भीतर हाई-टेक मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा मिलेगा, जिससे हजारों की संख्या में युवाओं के लिए नौकरियों और नए निवेश के रास्ते खुलेंगे। यह सिर्फ एक रॉकेट की लॉन्चिंग नहीं है, बल्कि यह आत्मनिर्भर भारत के स्पेस बिजनेस के एक नए और सुनहरे अध्याय की शुरुआत है।