छत्तीसगढ़ के पेंड्रा से एक गंभीर मामला सामने आया है। स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल के एक शिक्षक पर अपनी छात्रा को बहला-फुसलाकर घर ले जाने का आरोप लगा है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने शिक्षक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पेंड्रा थाने में दर्ज शिकायत के मुताबिक, पुरानी बस्ती पेंड्रा के वार्ड क्रमांक-03 निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि उनकी बेटी सुबह करीब 11:30 बजे स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी। रास्ते में उसकी मुलाकात स्कूल के शिक्षक अमित शर्मा से हुई।
स्कूल की बजाय घर ले जाने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि शिक्षक ने छात्रा से कहा कि वह उसे स्कूल छोड़ देंगे। लेकिन स्कूल पहुंचाने के बजाय उसे अपने घर ले गए। शिकायत के अनुसार छात्रा दोपहर करीब 3 बजे तक शिक्षक के घर पर रही। शिकायत में कहा गया है कि उस दौरान शिक्षक के घर पर कोई अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था। छात्रा लगातार घर जाने की बात कहती रही। इसके बाद शिक्षक ने उसे जाने दिया और आधे रास्ते तक छोड़कर लौट गए। घर पहुंचने पर छात्रा ने पूरी घटना अपने परिजनों को बताई।शिकायत के बाद दर्ज हुई एफआईआर
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन पेंड्रा थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने शिक्षक अमित शर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। मामले की जांच जारी है। पुलिस छात्रा के बयान, उपलब्ध साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।