इंसानियत शर्मसार : पिता पर नाबालिग बेटी से 3 साल तक दुष्कर्म का आरोप, नवजात को बेचा, बुआ समेत 6 गिरफ्तार
न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म, जबरन गर्भपात और नवजात शिशु को बेचने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी पिता साल 2023 से बेटी का शोषण कर रहा था। दोबारा गर्भवती होने पर फर्जी पहचान पत्र बनाकर अस्पताल में भर्ती कराया गया और जन्म के बाद बच्चे को बेच दिया गया।
क
कीर्तिमान न्यूज
19 Aug 2026, 08:05 AM
रायपुर
राजधानी रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र से एक बेहद दिल दहला देने वाला और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ एक कलयुगी पिता पर अपनी ही 16 वर्षीय नाबालिग बेटी के साथ पिछले तीन सालों से लगातार दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता का शोषण करने के बाद आरोपियों ने नवजात बच्चे को बेच दिया और पहचान छिपाने के लिए फर्जी दस्तावेज भी तैयार करवाए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता और पीड़िता की बुआ समेत कुल 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि शोषण का यह खौफनाक सिलसिला साल 2023 में शुरू हुआ था।
जान से मारने की धमकी दे कर शारीरिक शोषण
अमलीडीह इलाके में एक रिश्तेदार के घर पर आरोपी पिता ने उसे जबरन शराब पिलाई, मारपीट की और दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद किसी को भी बताने पर जान से मारने की धमकी देकर वह लगातार उसका शारीरिक शोषण करता रहा। शोषण के दौरान जब पीड़िता पहली बार गर्भवती हुई, तो उसने अपनी बुआ को इसकी जानकारी दी। आरोप है कि बुआ ने मदद करने के बजाय अपने भाई (पीड़िता के पिता) का साथ दिया और लड़की के साथ मारपीट कर उसे जबरन गर्भपात की दवा खिला दी। इसके बाद भी आरोपी का अत्याचार नहीं रुका।
गिरफ्तार आरोपी नवजात बच्चे को अज्ञात व्यक्ति को बेचा
साल 2025 में पीड़िता दोबारा गर्भवती हो गई। इस बार पीड़िता की असली उम्र छिपाने और मामले को दबाने के लिए आरोपियों ने उसका एक फर्जी पहचान पत्र तैयार कराया, जिसमें उसे बालिग और विवाहित दर्शाया गया। इसके आधार पर उसे डंगनिया स्थित वासुदेव अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में पीड़िता ने एक नवजात बेटे को जन्म दिया। जन्म के तुरंत बाद आरोपियों ने मिलकर उस बच्चे को किसी अज्ञात व्यक्ति को बेच दिया। जांच अधिकारियों के अनुसार, इस पूरे फर्जीवाड़े में डॉक्टर और बिचौलियों की संदिग्ध भूमिका रही है।
सभी आरोपियों को किया गिरफ्तार
पुलिस अब नवजात को बरामद करने और इसमें शामिल अन्य कड़ियों की गहनता से पड़ताल कर रही है। पीड़िता की शिकायत मिलते ही न्यू राजेंद्र नगर पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पॉक्सो एक्ट (POCSO Act), जेजे एक्ट (JJ Act) और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कड़ी धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी पिता और बुआ के अलावा फर्जीवाड़े और इस अपराध में शामिल रोहित राय, साहेब मंडल, योगिता राय उर्फ गीता और बरखा वर्मा उर्फ वर्षा मंडल को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।