बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' का मोशन पोस्टर रिलीज होते ही चर्चा में आ गया है। पोस्टर में फिल्म की भावनात्मक और गंभीर कहानी की झलक देखने को मिलती है। मेकर्स ने इसे "द अनसीन हीरोज" थीम के साथ जारी किया है, जिसमें उन लोगों को सम्मान दिया गया है जो मुश्किल समय में बिना किसी पहचान या पुरस्कार की उम्मीद के दूसरों की मदद के लिए आगे आते हैं।
26/11 हमलों के दौरान अस्पताल परआधारित
फिल्म की कहानी 2008 के मुंबई आतंकी हमलों के दौरान कामा अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों, नर्सों, वार्ड बॉय, सफाईकर्मियों और अन्य कर्मचारियों की बहादुरी से प्रेरित है। जब पूरा शहर दहशत में था, तब अस्पताल के कर्मचारियों ने अपनी जान की परवाह किए बिना मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की कोशिश की थी उस दौरान अस्पताल स्टाफ ने सैकड़ों लोगों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
कंगना निभाएंगी नर्स का किरदार
मोशन पोस्टर में कंगना रनौत एक घायल लेकिन साहसी नर्स के रूप में दिखाई दे रही हैं। उनका लुक काफी गंभीर और भावनात्मक है। फिल्म में उनका किरदार संकट के समय मानवता और साहस का प्रतीक बनेगा। कंगना ने फिल्म को लेकर कहा कि यह उन लोगों की कहानी है जिन्हें अक्सर समाज और इतिहास में पर्याप्त पहचान नहीं मिलती। उनके अनुसार असली नायक केवल वर्दी पहनने वाले लोग ही नहीं होते, बल्कि वे आम नागरिक भी होते हैं जो मुश्किल समय में दूसरों की रक्षा के लिए आगे आते हैं।
'अनसीन हीरोज' को समर्पित
फिल्म के मोशन पोस्टर में नर्सों, वार्ड बॉय, सफाईकर्मियों, लिफ्ट ऑपरेटर, सुरक्षा कर्मचारियों और प्रशासनिक स्टाफ जैसे लोगों को श्रद्धांजलि दी गई है। मेकर्स का कहना है कि यह फिल्म उन गुमनाम चेहरों की कहानी दुनिया के सामने लाएगी, जिन्होंने खतरे के समय मानवता की मिसाल पेश की थी। फिल्म के लेखक और निर्देशक मनोज तापड़िया ने कहा कि आमतौर पर फिल्मों में गोलियों, विस्फोटों और बड़े एक्शन दृश्यों पर ज्यादा ध्यान दिया जाता है, लेकिन 'भारत भाग्य विधाता' उन लोगों की कहानी है जिन्होंने बिना हथियार और बिना किसी शक्ति के सिर्फ साहस के दम पर लोगों की जान बचाई।
सोशल मीडिया पर जबरदस्त रिस्पॉन्स
मोशन पोस्टर रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कई प्रशंसकों ने कंगना के लुक और फिल्म के विषय की सराहना की है। कुछ यूजर्स ने इसे कंगना की दमदार वापसी बताया, जबकि कई लोगों ने कहा कि फिल्म एक अलग और भावनात्मक विषय लेकर आ रही है।
सिनेमाघरों में रिलीज
मेकर्स के अनुसार 'भारत भाग्य विधाता' 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। हालांकि फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर अन्य बड़ी फिल्मों से मुकाबला करना पड़ सकता है, लेकिन इसके अलग विषय और भावनात्मक कहानी को लेकर दर्शकों में उत्सुकता बढ़ती नजर आ रही है। फिल्म का मोशन पोस्टर यह संकेत देता है कि 'भारत भाग्य विधाता' केवल एक घटना की कहानी नहीं, बल्कि उन आम लोगों के साहस और मानवता का सम्मान है, जिन्होंने संकट के समय असाधारण हिम्मत दिखाई।
कंगना की हिट फिल्मे
कंगना रनौत ने अपने करियर में कई ऐसी फिल्में दी हैं, जिन्होंने उन्हें बॉलीवुड की सबसे दमदार अभिनेत्रियों में शामिल किया। वर्ष 2006 में 'गैंगस्टर' से शुरुआत करने वाली कंगना को 'फैशन' में शानदार अभिनय के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार मिला। इसके बाद 'तनु वेड्स मनु'और तनु वेड्स मनु रिटर्न्स ने उन्हें दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय बना दिया। साल 2014 में रिलीज हुई 'क्वीन' उनके करियर की सबसे सफल फिल्मों में गिनी जाती है, जिसने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करने के साथ उन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार भी दिलाया। इसके अलावा 'कृष 3', 'मणिकर्णिका: द क्वीन ऑफ झांसी' और 'पंगा' जैसी फिल्मों में भी उनके अभिनय की खूब सराहना हुई। कंगना की पहचान ऐसी अभिनेत्री के रूप में रही है, जिन्होंने महिला प्रधान फिल्मों को भी व्यावसायिक सफलता दिलाई और अपने दम पर कई फिल्मों को हिट बनाया।
