छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के चरचा थाना क्षेत्र में एक आठ वर्षीय बच्ची के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। देर रात घर में घुसे एक अज्ञात आरोपी ने बच्ची को जबरन उठाकर अपने साथ ले गया। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इलाके में व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू किया। लगातार बढ़ते दबाव के चलते आरोपी बच्ची को रास्ते में छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने बालिका को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
देर रात घर में घुसा आरोपी
पुलिस के मुताबिक, 6 जुलाई को एक 55 वर्षीय महिला ने चरचा थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 5 जुलाई की रात वह अपनी करीब 8 वर्षीय नातिन के साथ कमरे में सो रही थीं। रात करीब दो बजे एक अज्ञात व्यक्ति जबरन कमरे का दरवाजा खोलकर अंदर घुस आया। आरोपी ने महिला के साथ अभद्रता करने का प्रयास किया और विरोध करने पर मारपीट करते हुए जान से मारने तथा बच्ची के साथ गलत हरकत करने की धमकी दी।
बच्ची को उठाकर ले गया
शोर-शराबे के बीच बच्ची की नींद खुल गई। आरोपी ने उसे भी डराया-धमकाया और उसका मुंह दबाकर जबरन घर से बाहर ले गया। महिला के शोर मचाने पर परिजन और आसपास के लोग जाग गए तथा बच्ची की तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
पुलिस की घेराबंदी से आरोपी भागा
घटना की सूचना मिलते ही चरचा थाना पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी आनंद सोनी के नेतृत्व में पुलिस ने आसपास के इलाकों में लगातार पेट्रोलिंग और सघन तलाशी अभियान चलाया। पुलिस की सक्रियता और बढ़ते दबाव के कारण आरोपी बच्ची को छोड़कर मौके से फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने बच्ची को सुरक्षित बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया।
बीएनएस और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज
पीड़िता की शिकायत के आधार पर चरचा थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 101/2026 दर्ज किया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट के तहत भी प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
एसपी ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रवि कुमार कुर्रे ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से पूरी जानकारी ली। उन्होंने बच्ची का चिकित्सीय परीक्षण कराने, सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर लगातार तलाश शुरू कर दी है।