Krishna Janmashtami: भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का पर्व जन्माष्टमी आज देशभर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। सुबह से ही मंदिरों और घरों में पूजा-अर्चना का दौर जारी है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपवास रखकर भगवान कृष्ण की आराधना कर रहे हैं और मंदिरों में दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। जन्माष्टमी के मौके पर भगवान कृष्ण को प्रिय मानी जाने वाली मिठाइयां और विभिन्न पकवान तैयार किए जा रहे हैं। इन्हें पूजा के दौरान भगवान को भोग के रूप में अर्पित किया जाता है। कई स्थानों पर देर रात तक भजन-कीर्तन, मंत्रोच्चार और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
मंदिरों के साथ घरों में भी जन्माष्टमी की विशेष सजावट की गई है। भगवान कृष्ण के बाल स्वरूप और उनके गोकुल-वृंदावन से जुड़े प्रसंगों को झांकियों और चित्रों के माध्यम से सजाया गया है। बच्चों में भी कृष्ण की बाल लीलाओं से जुड़ी झांकियों को लेकर खास उत्साह देखने को मिल रहा है।
मथुरा-वृंदावन में विशेष तैयारियां
भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि मथुरा और वृंदावन में जन्माष्टमी को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं। आकाशवाणी के उत्तर प्रदेश संवाददाता के अनुसार, दोनों शहर आज रात होने वाले भव्य आयोजनों के लिए पूरी तरह सज चुके हैं। देश के अलग-अलग हिस्सों के साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी आज मथुरा में आयोजित जन्माष्टमी समारोह में शामिल होंगे। श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। प्रमुख धार्मिक स्थलों और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दी शुभकामनाएं
जन्माष्टमी के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन और उनकी शिक्षाएं भारत की सांस्कृतिक और दार्शनिक परंपरा को निरंतर प्रेरणा देती हैं। राष्ट्रपति ने कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता में भगवान कृष्ण द्वारा दिए गए संदेश कठिन परिस्थितियों में विवेक के साथ निर्णय लेने और नैतिक मूल्यों पर कायम रहने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी का पर्व लोगों को सद्भाव, कर्तव्य और मानवीय मूल्यों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित करता है।ओम बिरला ने दी जन्माष्टमी की बधाई
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी देशवासियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में भगवान श्रीकृष्ण के प्रति लोगों की गहरी आस्था और श्रद्धा है। ओम बिरला ने कहा कि भगवद्गीता में निहित श्रीकृष्ण का ज्ञान जीवन में कर्तव्य, नैतिकता, न्याय, विवेक, साहस और संतुलन का मार्ग दिखाता है। उन्होंने जन्माष्टमी को भगवान कृष्ण के आदर्शों और उनके संदेश को आत्मसात करने का अवसर बताया।

