Road Construction: प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत जिले के केशकाल विकासखंड के सुदूर अंचल में स्थित ग्राम कुँएमारी से भण्डारपाल तक पक्की सड़क का निर्माण कार्य जारी है। लगभग 4.5 किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण योजना के चरण-04 के तहत किया जा रहा है।
कार्यपालन अभियंता, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना बलराम ठाकुर ने बताया कि सड़क निर्माण कार्य प्रगतिरत है और वर्तमान में जीएसबी का कार्य जारी है और मार्च 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित है। सड़क निर्माण पूर्ण होने के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी और उन्हें बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
पक्की सड़क से ग्रामीणों का सफर होगा आसान
शासन की मंशानुरूप दुर्गम एवं दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य मार्गों से जोड़ने तथा ग्रामीणों के आवागमन को सुगम बनाने के उद्देश्य से सड़क निर्माण कार्य किया जा रहा है। पक्की सड़क बनने से ग्रामीणों को दैनिक आवागमन के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। सड़क निर्माण से क्षेत्र में परिवहन व्यवस्था बेहतर होने के साथ ही ग्रामीणों को बरसात के दौरान होने वाली आवागमन संबंधी परेशानियों से भी राहत मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही स्थानीय ग्रामीणों को अपनी दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति तथा अन्य गतिविधियों के लिए आवागमन में सहूलियत होगी।सड़क संपर्क से ग्रामीण विकास को मिलेगी गति
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से जिले के दूरस्थ अंचलों में सड़क संपर्क का विस्तार ग्रामीण विकास को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कुँएमारी से भण्डारपाल तक बन रही यह पक्की सड़क क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने में सहायक सिद्ध होगी।






