केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजना प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत ग्राम पंचायत छिबर्रा निवासी स्वर्गीय जमुना बाई दिवान के नामांकित हितग्राही को 2 लाख रुपये की बीमा राशि प्रदान की गई। जमुना बाई दिवान का 28 मार्च 2026 को निधन हो गया था। उनके नाम से स्टेट बैंक ऑफ इंडिया शाखा पिथौरा में बैंक खाता संचालित था, जिसमें किशन दिवान को नॉमिनी के रूप में नामांकित किया गया था।
प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के अंतर्गत सामान्य मृत्यु होने पर पात्र नॉमिनी किशन दिवान को 2 लाख रुपये की बीमा सहायता राशि स्वीकृत कर प्रदान की गई। इस सहायता राशि से परिवार को आर्थिक संबल प्राप्त हुआ है।
दावा प्रक्रिया में अधिकारियों का सहयोग
बीमा दावा प्रक्रिया के सफल निराकरण में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया शाखा पिथौरा के शाखा प्रबंधक ज्ञान रंजन खुटे का विशेष योगदान रहा। इसके अलावा जनपद पंचायत के अधिकारी डी.एल. बरिहा (बीपीएम), कृष्णा दिवान (पीआरपी), आबिद अली (एफएलसीआरपी), गायत्री यादव तथा बैंक मित्र पदमा पैकरा ने भी आवश्यक सहयोग प्रदान किया। जिला अग्रणी बैंक कार्यालय, बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा आयोजित वित्तीय साक्षरता एवं जनजागरूकता शिविरों के माध्यम से प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना सहित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जा रही है। इन शिविरों के जरिए नागरिकों को योजनाओं से जुड़ने और उनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।कम प्रीमियम में सुरक्षा
अधिकारियों ने बताया कि कम प्रीमियम में उपलब्ध प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना जरूरतमंद परिवारों के लिए कठिन परिस्थितियों में आर्थिक सुरक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही है। योजना के तहत मिलने वाली बीमा सहायता राशि संकट की घड़ी में परिवारों को वित्तीय संबल प्रदान करती है।