Farmers Protest: छत्तीसगढ़ शासन की कथित वादाखिलाफी और किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर भारतीय किसान संघ द्वारा 8 अक्टूबर को महासमुंद जिला मुख्यालय में विशाल धरना-प्रदर्शन और ट्रैक्टर रैली का आयोजन किया जाएगा। प्रदर्शन में जिलेभर से किसान शामिल होकर कलेक्टर कार्यालय के सामने अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद करेंगे।
भारतीय किसान संघ के जिला उपाध्यक्ष बृजलाल साहू, धनंजय साहू तथा तहसील अध्यक्ष रोशनलाल साहू ने बताया कि किसानों की समस्याओं और लंबित मांगों को लेकर संगठन द्वारा लंबे समय से शासन का ध्यान आकर्षित कराया जा रहा है। इसके बावजूद मांगों का निराकरण नहीं होने से किसानों में नाराजगी है।
संघ्ज्ञ की 10 सूत्रीय प्रमुख मांगे
संघ की प्रमुख मांगों में विद्युत विभाग के निजीकरण पर रोक लगाने, वर्ष 2022-23 में खरीदी गई धान की एक करोड़ रुपए से अधिक की बकाया राशि का तत्काल भुगतान करने तथा भारतीय किसान संघ द्वारा पारित प्रस्तावों पर कार्रवाई करने सहित करीब 10 सूत्रीय मांगें शामिल हैं।
आंदोलन को सफल बनाने अपील
8 अक्टूबर को होने वाले कार्यक्रम में पहले धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद किसान ट्रैक्टर रैली निकालकर शासन की नीतियों और वादाखिलाफी के खिलाफ विरोध दर्ज कराएंगे। संगठन ने जिलेभर के किसानों से अधिक से अधिक संख्या में महासमुंद पहुंचकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।
