मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के ग्राम टेकारी और गोढ़ी के दो गुटों के बीच रविवार-सोमवार की दरम्यानी रात हिंसक झड़प हो गई। आरोप है कि टेकारी के एक आपराधिक रिकॉर्डधारी युवक की कथित चुनौती के बाद गोढ़ी का गुट टेकारी पहुंचा। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और चाकू-तलवार से हमला हो गया। घटना में टेकारी निवासी अंगेश्वर उर्फ प्रेम और योगेश गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही मंदिर हसौद थाना पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। लगातार दबिश के बाद पुलिस ने 19 वर्षीय विवेक उर्फ राउडी, 20 वर्षीय राजा साहू, 20 वर्षीय विक्रम उर्फ भौंकलू यादव, 19 वर्षीय प्रशांत प्रजापति और 22 वर्षीय ओमप्रकाश पाल को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
शनि मंदिर के पास बैठे थे युवक
मिली जानकारी के अनुसार 9 और 10 अगस्त की दरम्यानी रात करीब 11 बजे अंगेश्वर उर्फ प्रेम और योगेश अपने साथियों के साथ टेकारी से कठिया जाने वाले सड़क मार्ग के किनारे स्थित शनि मंदिर के पास बैठे थे। इसी दौरान कथित चुनौती को स्वीकार करने की बात कहते हुए आरोपी मोटरसाइकिल से वहां पहुंचे।
कोर्ट ने 25 अगस्त तक न्यायिक हिरासत में भेजा
गिरफ्तार पांचों आरोपियों को मंगलवार को न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम वर्ग रायपुर अजय सिंह मीणा की अदालत में पेश किया गया। अदालत ने सभी आरोपियों को 25 अगस्त तक न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया।
गाली-गलौज और धक्का-मुक्की के बाद हमला
बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले गाली-गलौज और धक्का-मुक्की हुई। इसके बाद विवाद अचानक हिंसक हो गया और चाकू व तलवार से हमला कर दिया गया। हमले में अंगेश्वर और योगेश घायल हो गए, जबकि उनके साथ मौजूद अन्य लोग मौके से भाग निकले।
पुलिस पहुंचने से पहले भाग निकले अधिकांश लोग
सूचना मिलने पर थाना प्रभारी आशीष यादव ने पुलिस टीम को मौके पर भेजा। पुलिस के पहुंचने से पहले अधिकांश लोग वहां से निकल गए, जबकि मौके पर मिले तीन लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। उन्हें कार्यपालिक दंडाधिकारी मंदिर हसौद के न्यायालय में पेश किया गया था।
तालाब से मोटरसाइकिल, तलवार और चाकू जब्त
घटना के बाद पुलिस ने रात से ही आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश शुरू कर दी थी। अगले दिन पुलिस ने गांव के कशियाही तालाब से एक मोटरसाइकिल के साथ तलवार और चाकू जब्त किया। बताया गया कि बरामद मोटरसाइकिल विक्रम यादव के पिता के नाम पर है।
दोपहर में भी हुआ था विवाद, ग्रामीणों ने खदेड़ा
ग्रामीणों के अनुसार रविवार दोपहर ग्राम के बंधवा तालाब के पास महिलाओं की मौजूदगी में अंगेश्वर उर्फ प्रेम और मिथिलेश उर्फ सड्डे कथित रूप से गाली-गलौज कर रहे थे। ग्रामीणों ने दोनों को वहां से भगा दिया था। इसके बाद दोपहर में गांव और बाहर के कुछ लोगों के स्वागत द्वार के पास जमा होने की सूचना भी पुलिस को मिली थी।
रिहाई को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी
ग्रामीणों का कहना है कि प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के बाद पकड़े गए लोगों को एक दिन बाद शांति व्यवस्था बनाए रखने की हिदायत के साथ रिहा कर दिया गया। स्वतंत्रता दिवस से पहले क्षेत्र में शांति व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों ने चिंता जताई है और इस कार्रवाई को लेकर नाराजगी भी सामने आई है।