रायपुर, राजधानी के गांधी नगर कालीबाड़ी इलाके में देर रात बर्थडे पार्टी के दौरान तेज आवाज में साउंड सिस्टम बजाकर हंगामा करना सात लोगों को भारी पड़ गया। पुलिस की शिकायत पर मौके पर पहुंची टीम के साथ कथित तौर पर धक्का-मुक्की, गाली-गलौज और शासकीय कार्य में बाधा डालने के मामले में कोतवाली पुलिस ने चार युवक और तीन युवतियों को गिरफ्तार किया है।
तेज आवाज की शिकायत पर पहुंची थी पुलिस
पुलिस के मुताबिक रविवार तड़के करीब 3 बजे कोतवाली थाना को सूचना मिली कि गांधी नगर कालीबाड़ी स्थित प्रताप ताण्डी के मकान की छत पर बर्थडे पार्टी चल रही है। पार्टी में तेज आवाज में साउंड सिस्टम बजाया जा रहा था, जिससे आसपास के लोगों को परेशानी हो रही थी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पार्टी में मौजूद लोगों को समझाइश देकर साउंड सिस्टम बंद कराया। इसके बाद पुलिस वापस लौट गई।
दोबारा तेज आवाज में बजाया साउंड सिस्टम
कुछ समय बाद उसी जगह से फिर तेज आवाज में साउंड सिस्टम बजाने की शिकायत मिली। पुलिस टीम दोबारा मौके पर पहुंची और आवाज कम करने व नियमों का पालन करने की समझाइश दी। पुलिस का आरोप है कि इस दौरान वहां मौजूद युवक-युवतियों ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार किया। उन्होंने धक्का-मुक्की, झूमा-झटकी और गाली-गलौज करते हुए शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई। पुलिस के अनुसार इस घटना में कुछ कर्मचारियों को चोटें भी आईं।
गैर-जमानती धाराओं में मामला दर्ज
घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। इसके बाद कोतवाली थाने में बीएनएस 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी
- प्रताप ताण्डी (33 वर्ष)
- हरीश ताण्डी (30 वर्ष)
- दीपक दास (26 वर्ष)
- विपुल जोशी (30 वर्ष)
- हर्षा महानंद (25 वर्ष)
- दिव्या सोनी (27 वर्ष)
- उपासना सोनी (28 वर्ष)