Nepal Flood: नेपाल के बाढ़ प्रभावित त्रिशुली बाजार इलाके में राहत और बचाव अभियान के दौरान पांच साल के बच्चे समेत तीन और भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, इसके साथ ही नेपाल से अब तक रेस्क्यू किए गए भारतीय नागरिकों की संख्या 169 पहुंच गई है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने नई दिल्ली में मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि अभी भी 275 भारतीय नागरिकों के लापता होने की सूचना है।
सरकार उनकी तलाश और सुरक्षित वापसी के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि 1,907 भारतीय नागरिक सुरक्षित रूप से चीन से नेपाल पहुंच चुके हैं।काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास इन लोगों की स्वदेश वापसी के लिए हवाई सेवाओं की व्यवस्था कर रहा है। प्रवक्ता ने यह भी स्पष्ट किया कि तिब्बती स्वायत्त क्षेत्र में फिलहाल कोई भारतीय यात्री फंसा नहीं है।
नेपाल को 95 टन राहत सामग्री भेज चुका भारत
विदेश मंत्रालय के अनुसार, पिछले महीने 26 तारीख को नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बाद भारत की ओर से करीब 95 टन राहत सामग्री भेजी जा चुकी है। भारत ने राहत एवं बचाव कार्यों में नेपाल को हरसंभव सहयोग देने की बात कही है। रणधीर जायसवाल ने कहा कि नेपाल सरकार की जरूरतों के आधार पर भारत की ओर से सहायता जारी रहेगी। आने वाले दिनों में नेपाल के अनुरोध पर अतिरिक्त फोरेंसिक किट, बेली ब्रिज और अन्य जरूरी सामग्री भेजने की भी तैयारी है।नेपाल में 1,340 से ज्यादा लोगों की मौत
बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित नेपाल में मृतकों का आंकड़ा 1,340 के पार पहुंच गया है। राहत और बचाव दल प्रभावित इलाकों में लगातार अभियान चला रहे हैं और कई जगहों से शव बरामद किए जा रहे हैं। आपातकालीन टीमों ने अब तक 12,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला है। हालांकि, राहत एवं बचाव अभियान अभी जारी है और करीब 5,000 लोगों के अब भी लापता होने की जानकारी सामने आई है। प्रभावित इलाकों में लापता लोगों की तलाश के लिए टीमें लगातार जुटी हुई हैं।
