Online Job Fraud: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में डाटा एंट्री का काम दिलाने का झांसा देकर भिलाई के एक कारोबारी से 39 लाख 33 हजार 560 रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने नोएडा की एक कंपनी में काम दिलाने के नाम पर कारोबारी से संपर्क किया था। शुरुआत में काम दिया गया, लेकिन बाद में डाटा खराब होने और सॉफ्टवेयर खरीदने का बहाना बनाकर अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा कराई गई। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए दुर्ग पुलिस ने उत्तराखंड के हल्द्वानी से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
इंडिया मार्ट के जरिए कारोबारी से किया संपर्क
पुलिस के अनुसार, नेहरू नगर, भिलाई निवासी राजेश कुमार चौरसिया (57) ने 2 जुलाई 2026 को सुपेला थाना क्षेत्र की स्मृतिनगर चौकी में ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। कारोबारी ने बताया कि अक्टूबर 2025 में इंडिया मार्ट के माध्यम से उनसे मोबाइल पर संपर्क किया गया था। इस दौरान नोएडा की ग्रीन रेस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में डाटा एंट्री का काम देने की पेशकश की गई।
इसके बाद कंपनी के साथ समझौता हुआ और उन्हें मेडिकल, स्टील कारोबार, निर्माण तथा आयात-निर्यात से संबंधित डाटा भरने का काम दिया गया। शुरुआत में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन कुछ समय बाद आरोपियों ने डाटा खराब होने की बात कहकर उनसे अतिरिक्त पैसे मांगने शुरू कर दिए।
डाटा सुधारने और सॉफ्टवेयर खरीदने के नाम पर वसूली
शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने कारोबारी को बताया कि उनका डाटा खराब हो गया है। उसे दोबारा ठीक करने के लिए अलग-अलग सॉफ्टवेयर खरीदने की जरूरत है। इसी बहाने उनसे कई बार अलग-अलग बैंक खातों में पैसे जमा कराए गए। इस तरह कारोबारी के आईडीएफसी बैंक खाते से कुल 39,33,560 रुपए की रकम निकलवा ली गई। काफी रकम देने के बाद भी जब पैसे वापस नहीं मिले, तो उन्होंने पुलिस से शिकायत की। इसके बाद स्मृतिनगर चौकी में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
बैंक खातों और मोबाइल नंबरों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने संबंधित बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की तकनीकी जानकारी जुटाई। जांच में आरोपियों की लोकेशन उत्तराखंड के नैनीताल जिले के हल्द्वानी में मिली। इसके बाद दुर्ग पुलिस की टीम वहां पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पुलिस ने पूछताछ और जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर राम निवास (42) और राहुल बिष्ट (23) को गिरफ्तार किया। राम निवास मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बरेली जिले का निवासी है और वर्तमान में हल्द्वानी में रह रहा था। वहीं, राहुल बिष्ट हल्द्वानी का रहने वाला है।दो मोबाइल फोन जब्त, न्यायालय में पेश किए गए आरोपी
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी की घटना में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। साथ ही ठगी में दोनों आरोपियों की भूमिका और लेनदेन से संबंधित तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है।







