PM Surya Ghar Yojana: सुकमा जिले के कुम्हाररास निवासी आपु हालदार को बिजली खर्च में बड़ी राहत मिली है, घर पर सोलर पैनल लगवाने के बाद उनका बिजली बिल शून्य तक पहुंच गया है। वहीं, जरूरत से अधिक उत्पादित बिजली ग्रिड में जाने से उनके बिजली खाते में क्रेडिट भी जमा हो रहा है। नगर पालिका सुकमा के वार्ड क्रमांक 15 निवासी आपु हालदार ने जुलाई 2026 में योजना के तहत अपने घर पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल लगवाया था।
सोलर पैनल लगने से बिजली बिल शून्य
उन्होंने बताया कि पहले उनके घर का मासिक बिजली बिल लगभग 300 से 500 रुपए आता था। अब घर की बिजली जरूरत सौर ऊर्जा से पूरी हो रही है और पिछले कुछ महीनों में उनका बिजली बिल शून्य भी रहा है।
सोलर पैनल लगवाने के लिए मिली ₹1.08 लाख की सब्सिडी
हालदार को सोलर पैनल स्थापना के लिए कुल 1 लाख 8 हजार रुपए की सब्सिडी मिली है। इसमें केंद्र शासन से 78 हजार रुपए और राज्य शासन से 30 हजार रुपए की सहायता शामिल है। इस आर्थिक सहायता से उनके लिए सोलर पैनल लगवाना आसान हुआ। उनके घर पर सोलर पैनल का कनेक्शन कुंवर एंड कंपनी एक्शन एनर्जी द्वारा स्थापित किया गया है।
स्वच्छ ऊर्जा अपनाने का बढ़ रहा अवसर
हालदार ने बताया कि सौर ऊर्जा अपनाने से परिवार के मासिक खर्च में बचत हो रही है। उन्होंने कहा कि यह योजना आम परिवारों को स्वच्छ ऊर्जा अपनाने के साथ बिजली खर्च कम करने का अवसर प्रदान कर रही है।







