PM Janman Yojana: छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के दुर्गम वनांचल अबूझमाड़ में अब बिजली की सुविधा से वंचित परिवारों के घर भी रोशन होने लगे हैं। प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) के तहत विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (PVTG) के परिवारों तक सौर ऊर्जा पहुंचाई जा रही है। इसी पहल के तहत जिले के 9 गांवों के 64 परिवारों को सोलर होम लाइट की सुविधा दी गई है। घने जंगलों और पहाड़ियों के बीच बसे इन गांवों में पारंपरिक बिजली पहुंचाना लंबे समय से चुनौती बना हुआ था।
9 गांवों में सोलर लाइट से रोशन हुए 64 घर
ऐसे में सौर ऊर्जा ग्रामीण परिवारों के लिए रोशनी का एक बेहतर विकल्प बनकर सामने आई है। छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) की ओर से मंगबेड़ा, मंगाड़ी, मुत्तेनतोड़ा, मुत्तेनादी, टाहकाडोण्ड, जाटलूर, टेकामेंटा, आलवार और गुमचूर गांवों की अविद्युतीकृत बसाहटों में सोलर होम लाइट संयंत्र स्थापित किए गए हैं। इसके जरिए 64 परिवारों को घरों में रोशनी की सुविधा मिल रही है। अबूझमाड़ के इन गांवों में बिजली नहीं होने के कारण सूर्यास्त के बाद लोगों की दिनचर्या सीमित हो जाती थी।
बच्चों की पढ़ाई और घरेलू कामकाज हुए आसान
खासकर बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती थी और महिलाओं को घरेलू कामकाज निपटाने में परेशानी होती थी। सोलर लाइट लगने के बाद अब घरों में शाम के समय भी पर्याप्त रोशनी उपलब्ध हो रही है। बच्चे रात में भी पढ़ाई कर पा रहे हैं, वहीं महिलाओं को घर के जरूरी काम करने में सहूलियत मिल रही है। इससे परिवारों की रोजमर्रा की जिंदगी पहले के मुकाबले आसान हुई है। सोलर होम लाइट संयंत्रों में रोशनी के साथ मोबाइल चार्जिंग की सुविधा भी दी गई है। इससे ग्रामीणों को मोबाइल चार्ज करने के लिए होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी। नेटवर्क उपलब्ध होने पर वे अपने परिजनों से संपर्क कर सकेंगे और जरूरी सूचनाएं भी प्राप्त कर पाएंगे।पीएम जनमन से जनजातीय परिवारों को राहत
आपातकालीन परिस्थितियों में मोबाइल के जरिए सहायता मांगना भी आसान हो सकेगा। पीएम जनमन योजना का उद्देश्य विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों तक आवास, पेयजल, बिजली, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना है। अबूझमाड़ के दुर्गम इलाकों में सौर ऊर्जा का विस्तार इसी प्रयास का हिस्सा है। नारायणपुर के इन नौ गांवों में 64 घरों तक पहुंची सौर ऊर्जा सिर्फ बिजली की सुविधा देने तक सीमित नहीं है। इससे बच्चों की पढ़ाई, महिलाओं के कामकाज और ग्रामीणों के आपसी संपर्क को भी बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। दुर्गम पहाड़ी इलाकों में रहने वाले इन परिवारों के लिए यह पहल सुविधाओं तक पहुंच बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।












