बस्तर जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत राशन लेने वाले हजारों हितग्राहियों के लिए जरूरी खबर सामने आई है। जिले में 83 हजार 485 राशन कार्ड सदस्यों का राशन पिछले 9 महीने से बंद पड़ा है। इन लोगों ने अब तक अपनी ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी नहीं कराई है, जिसके कारण इनके नाम पर राशन का वितरण रोक दिया गया है। खाद्य विभाग लगातार लोगों को ई-केवाईसी कराने के लिए जागरूक कर रहा है।
विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि ई-केवाईसी कराने के लिए 15 जुलाई 2026 तक ही अंतिम मौका दिया गया है। इसके बाद किसी भी स्थिति में समय सीमा आगे बढ़ाने की संभावना नहीं है। अगर तय तारीख तक हितग्राहियों ने ई-केवाईसी नहीं कराई, तो उनके नाम राशन कार्ड से हटाने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।
राशन वितरण व्यवस्था को बेहतर पारदर्शी बनाना
खाद्य विभाग के अनुसार, ई-केवाईसी का उद्देश्य राशन वितरण व्यवस्था को बेहतर और पारदर्शी बनाना है। सत्यापन प्रक्रिया के माध्यम से राशन कार्ड में दर्ज ऐसे नामों की पहचान की जा रही है, जो अब पात्र नहीं हैं या जिनकी जानकारी में बदलाव हो चुका है। विभाग का कहना है कि कई बार राशन कार्ड में मृत व्यक्तियों के नाम, गलत जानकारी या डुप्लीकेट नाम दर्ज रह जाते हैं। ऐसे नामों को हटाने से वास्तविक पात्र परिवारों तक योजना का लाभ पहुंचाने में मदद मिलेगी।
ई-केवाईसी ने 83 हजार से ज्यादा लोगों की चिंता
ई-केवाईसी की अंतिम तारीख नजदीक आने के बाद अब उन 83 हजार से ज्यादा लोगों की चिंता बढ़ गई है, जिन्होंने अभी तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं कराई है। विभाग की ओर से लगातार अपील की जा रही है कि लोग आखिरी दिन का इंतजार न करें और जल्द से जल्द अपनी नजदीकी उचित मूल्य दुकान पहुंचकर सत्यापन करा लें। खाद्य विभाग का मानना है कि समय रहते ई-केवाईसी पूरी होने से हितग्राहियों को भविष्य में राशन मिलने में किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
83,485 सदस्यों की ई-केवाईसी बाकी है
इसे पूरा कराने के लिए जिले के सभी विकासखंडों में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उचित मूल्य दुकानों के संचालकों के साथ पंचायत प्रतिनिधियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मदद ली जा रही है। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर जाकर लोगों को ई-केवाईसी की जरूरत और प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी जा रही है। खाद्य विभाग के सर्वे में सामने आया है कि कई कारणों से लोगों की ई-केवाईसी पूरी नहीं हो पाई है।
राशन कार्ड में दर्ज उम्र गलत होना
शादी के बाद युवतियों का दूसरे स्थान पर चले जाना और ई-केवाईसी को लेकर जानकारी की कमी भी प्रमुख कारणों में शामिल हैं। खाद्य विभाग ने सभी राशन कार्ड धारकों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपनी ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी करा लें। इसके लिए उन्हें अपनी नजदीकी उचित मूल्य दुकान में जाकर आधार कार्ड के माध्यम से सत्यापन कराना होगा। विभाग ने साफ किया है कि अंतिम तारीख के बाद नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। ऐसे में जिन लोगों का राशन बंद है, उनके लिए यह आखिरी मौका साबित हो सकता है।