इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) ने क्रिकेट के साथ-साथ बिजनेस की दुनिया में भी नया मुकाम हासिल कर लिया है। 2026 की ब्रांड वैल्यूएशन रिपोर्ट के मुताबिक रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) दुनिया की पहली क्रिकेट टीम बन गई है, जिसकी ब्रांड वैल्यू 300 मिलियन डॉलर के पार पहुंच गई है। RCB की मौजूदा ब्रांड वैल्यू 312 मिलियन डॉलर यानी करीब 2,985 करोड़ रुपये आंकी गई है। वैश्विक निवेश बैंक Houlihan Lokey की रिपोर्ट के अनुसार IPL की बिजनेस वैल्यू भी बढ़कर 20.6 अरब डॉलर हो गई है। पिछले साल की तुलना में इसमें 11.4 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। लगातार दूसरे साल IPL ने दोहरे अंकों की ग्रोथ दर्ज कर अपनी मजबूत कारोबारी स्थिति को साबित किया है।
IPL की ब्रांड वैल्यू में भी बड़ा उछाल
रिपोर्ट के मुताबिक IPL की स्टैंड-अलोन ब्रांड वैल्यू 10.3 प्रतिशत बढ़कर 4.3 अरब डॉलर तक पहुंच गई है। साल 2023 के बाद से लीग की ब्रांड वैल्यू में 1.1 अरब डॉलर से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है। महंगे मीडिया राइट्स, बड़े स्पॉन्सरशिप सौदों और डिजिटल दर्शकों की बढ़ती संख्या ने IPL को दुनिया की सबसे प्रभावशाली खेल लीगों में शामिल कर दिया है।
RCB लगातार दूसरे साल सबसे मूल्यवान फ्रेंचाइजी
RCB ने सबसे मूल्यवान IPL फ्रेंचाइजी का खिताब लगातार दूसरे साल अपने नाम रखा है। टीम की ब्रांड वैल्यू 2025 में 269 मिलियन डॉलर थी, जो 2026 में बढ़कर 312 मिलियन डॉलर हो गई। यानी एक साल में टीम की वैल्यू में करीब 16 प्रतिशत की वृद्धि हुई। वहीं, मुंबई इंडियंस 264 मिलियन डॉलर की ब्रांड वैल्यू के साथ दूसरे स्थान पर रही। कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) 245 मिलियन डॉलर के साथ तीसरे और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) 244 मिलियन डॉलर के साथ चौथे नंबर पर रही।
फ्रेंचाइजियों में निवेश बढ़ा
IPL टीमों में निवेशकों की दिलचस्पी भी लगातार बढ़ रही है। रिपोर्ट के अनुसार RCB को 1.78 अरब डॉलर की वैल्यूएशन पर ब्लैकस्टोन, बोल्ट वेंचर्स, आदित्य बिड़ला ग्रुप और टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप के कंसोर्टियम ने खरीदा। वहीं राजस्थान रॉयल्स की वैल्यूएशन 1.65 अरब डॉलर रही। इन बड़े निवेश सौदों ने यह साफ कर दिया है कि IPL अब केवल क्रिकेट टूर्नामेंट नहीं, बल्कि एक बड़ा वैश्विक बिजनेस प्लेटफॉर्म बन चुका है।
डिजिटल दर्शकों ने भी बनाया रिकॉर्ड
IPL की लोकप्रियता डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी तेजी से बढ़ी है। आधिकारिक प्रसारक JioStar के आंकड़ों के मुताबिक IPL 2026 सीजन 1.06 अरब स्क्रीन तक पहुंचा। इस दौरान कुल व्यूअरशिप में 7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। Connected TV प्लेटफॉर्म पर दर्शकों की संख्या में 26 प्रतिशत का इजाफा हुआ, जबकि पारंपरिक टीवी रेटिंग में 18.8 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली। डिजिटल व्यूअरशिप, स्पॉन्सरशिप और मीडिया राइट्स से IPL का कुल राजस्व 1.8 अरब डॉलर से अधिक पहुंच गया है। पंजाब किंग्स के सह-मालिक नेस वाडिया ने कहा कि उन्हें हमेशा भरोसा था कि IPL दुनिया की बड़ी खेल लीगों में शामिल होगा, लेकिन इतनी तेजी से यह वैश्विक स्तर पर पहुंचेगा, इसकी उम्मीद नहीं थी। उन्होंने कहा कि मौजूदा निवेश इस बात को साबित करते हैं कि 2008 में IPL को लेकर लिया गया फैसला सही दिशा में था।