ICC Fine: ट्राई सीरीज का खिताब जीतकर जश्न मना रही पाकिस्तान क्रिकेट टीम को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने झटका दिया है। श्रीलंका के खिलाफ फाइनल मुकाबले में शानदार जीत दर्ज करने के बावजूद पाकिस्तानी खिलाड़ियों पर जुर्माना लगाया गया है। टीम निर्धारित समय में अपने ओवर पूरे नहीं कर सकी, जिसके चलते ICC ने खिलाड़ियों की मैच फीस में 5 प्रतिशत की कटौती करने का फैसला लिया है।लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान ने श्रीलंका को 3 विकेट से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की थी।
पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका ने 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 325 रन बनाए थे। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने 48.3 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 326 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया।
एक ओवर पीछे रहने पर ICC ने लगाया जुर्माना
फाइनल मैच के दौरान गेंदबाजी करते समय पाकिस्तान की टीम निर्धारित समय के भीतर अपने ओवर पूरे नहीं कर पाई। ICC ने जांच में टीम को एक ओवर पीछे पाया। इसके बाद खिलाड़ियों पर आचार संहिता के नियम 2.22 के तहत कार्रवाई की गई। इस नियम के मुताबिक, निर्धारित समय में ओवर पूरे नहीं करने पर प्रत्येक कम ओवर के लिए खिलाड़ियों की मैच फीस का 5 प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है। इसी प्रावधान के तहत पाकिस्तानी टीम पर यह आर्थिक दंड लगाया गया। ICC के आधिकारिक बयान के अनुसार, पाकिस्तान के कप्तान शाहीन शाह अफरीदी ने मैच रेफरी की ओर से प्रस्तावित जुर्माने को स्वीकार कर लिया। इस कारण मामले में औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी।फखर जमां के शतक और साद बेग की पारी ने पलटा मैच
फाइनल में श्रीलंका की ओर से विकेटकीपर बल्लेबाज कुसल मेंडिस ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 128 गेंदों पर 131 रन बनाए, जिसमें 12 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। वहीं पवन रत्ननायके ने 65 गेंदों में 77 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। 326 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान को फखर जमां ने मजबूत शुरुआत दिलाई। उन्होंने 99 गेंदों पर 127 रनों की बेहतरीन पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 11 चौके और 6 छक्के निकले। दूसरी ओर साद बेग ने 75 गेंदों में 74 रन बनाकर उनका अच्छा साथ दिया।
मुकाबले के अंतिम चरण में अराफत मिन्हास ने तेजी से रन बटोरते हुए 31 गेंदों पर नाबाद 61 रन बनाए। उनकी पारी में 3 चौके और 4 छक्के शामिल थे। इन बल्लेबाजों के दमदार प्रदर्शन की बदौलत पाकिस्तान ने श्रीलंका के बड़े स्कोर को पार करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। हालांकि, जीत के बाद स्लो ओवर रेट के कारण लगा जुर्माना भी टीम के लिए चर्चा का विषय बन गया।






