Live Concert Safety: फिल्म धुरंधर के गानों में अपनी आवाज का जादू बिखेरने वाली मेघालय की रैपर-सिंगर रेबल (Reble) के साथ लाइव परफॉर्मेंस के दौरान एक चौंकाने वाला हादसा हो गया। असम के गुवाहाटी में आयोजित 'पल्स 2026 अवार्ड्स' में स्टेज पर गाना गाते समय अचानक एक ड्रोन उनके चेहरे से टकरा गया। इस घटना से वह घबरा गईं और उन्हें बीच में ही अपनी परफॉर्मेंस रोकनी पड़ी। हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
स्टेज पर परफॉर्मेंस के दौरान हुआ हादसा
गुवाहाटी के हतिसिला में गुरुवार, 26 नवंबर को आयोजित 'पल्स 2026 अवार्ड्स' में रेबल अपनी प्रस्तुति दे रही थीं। वह स्टेज पर डांस करते हुए अपना गाना 'रन डाउन द सिटी' गा रही थीं। इसी दौरान अचानक एक ड्रोन उनके चेहरे से टकरा गया। अप्रत्याशित घटना से वह कुछ पल के लिए हैरान रह गईं और उन्होंने तुरंत गाना रोक दिया।
कैमरे में कैद हुई पूरी घटना, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो
रेबल के साथ हुए इस हादसे का वीडियो कार्यक्रम में मौजूद एक इंस्टाग्राम यूजर 'जमान डायरीज' ने साझा किया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि रेबल स्टेज पर पूरे जोश के साथ गाते हुए डांस कर रही हैं। तभी एक ड्रोन अचानक उनके चेहरे से टकरा जाता है। इसके बाद वह अपनी प्रस्तुति रोक देती हैं और कुछ ही देर में स्टेज से नीचे उतर जाती हैं।
ड्रोन की लापरवाही पर सोशल मीडिया यूजर्स ने उठाए सवाल
घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने नाराजगी जताई है। कई यूजर्स ने ड्रोन ऑपरेटर की जिम्मेदारी और लाइव इवेंट में सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठाए। एक यूजर ने चिंता जताते हुए पूछा कि क्या ड्रोन सीधे रेबल के चेहरे पर लगा और क्या वह ठीक हैं? वहीं, कुछ लोगों ने कहा कि ड्रोन के घूमते हुए पंख सिर या गर्दन जैसे संवेदनशील हिस्सों से टकराएं तो गंभीर चोट लग सकती है। यूजर्स ने आयोजकों से ऐसे कार्यक्रमों में ड्रोन के इस्तेमाल के दौरान अधिक सावधानी बरतने की मांग की है।रेबल की चोट को लेकर अब तक कोई जानकारी नहीं
हादसे के बाद रेबल की स्वास्थ्य स्थिति को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ड्रोन की टक्कर से उनके चेहरे पर कितनी चोट आई है। रेबल की ओर से भी अब तक इस घटना को लेकर कोई बयान जारी नहीं किया गया है। ऐसे में उनके प्रशंसक उनकी सेहत को लेकर चिंतित हैं।
कौन हैं मेघालय की रैपर-सिंगर रेबल?
रेबल का असली नाम दाइफी लमारे (Daiphi Lamare) है। वह मेघालय की जानी-मानी रैपर और सिंगर हैं। फिल्म 'धुरंधर' के गानों में अपनी आवाज देने के बाद उन्हें देशभर में पहचान मिली है। उन्होंने फिल्म के तीन गानों 'रन डाउन द सिटी- मोनिका', 'मूव- ये इश्क इश्क' और 'नल्ल नचना' में अपनी आवाज दी है। इसके अलावा उन्होंने कंपोजर शाश्वत सचदेव के साथ गानों के लिरिक्स में भी योगदान दिया है।
बेनी दयाल और निकिता गांधी भी झेल चुके हैं ऐसा हादसा
लाइव परफॉर्मेंस के दौरान ड्रोन की टक्कर का सामना करने वाली रेबल पहली कलाकार नहीं हैं। इससे पहले भी सिंगर बेनी दयाल और निकिता गांधी के साथ ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। बेनी दयाल के साथ 2023 में हुआ था हादसा: चेन्नई के VIT में लाइव परफॉर्मेंस के दौरान एक ड्रोन उनके सिर के पिछले हिस्से से टकरा गया था। इस घटना में उनके सिर और उंगलियों पर चोट आई थी।












