जांजगीर-चांपा जिले की होनहार पर्वतारोही अमिता श्रीवास ने विश्व की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट (8848 मीटर) को 22 मई 2026 को सफलतापूर्वक फतह कर छत्तीसगढ़ का नाम देश और दुनिया में रोशन कर दिया है। अमिता की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरे प्रदेश में खुशी और गर्व का माहौल है। उन्होंने कठिन परिस्थितियों और चुनौतियों का सामना करते हुए यह मुकाम हासिल किया, जो प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बन गया है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी बधाई
मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने अमिता श्रीवास की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि उन्होंने अपने साहस, दृढ़ संकल्प और अथक मेहनत से प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा का नया अध्याय लिखा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का क्षण है कि प्रदेश की बेटी ने विश्व की सर्वोच्च चोटी पर तिरंगा फहराकर राज्य का सम्मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि अमिता की सफलता यह साबित करती है कि छत्तीसगढ़ के युवा किसी भी क्षेत्र में देश-दुनिया में अपनी पहचान बना सकते हैं।
समिट के बाद बिगड़ी तबीयत
मुख्यमंत्री श्री साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि एवरेस्ट समिट के बाद बेस कैंप लौटने के दौरान अत्यधिक ऊंचाई, शून्य से लगभग 40 डिग्री सेल्सियस नीचे तापमान और ऑक्सीजन की कमी के कारण अमिता श्रीवास की तबीयत अचानक बिगड़ गई। कठिन परिस्थितियों को देखते हुए तत्काल हेलीकॉप्टर के माध्यम से उनका रेस्क्यू किया गया और नेपाल की राजधानी काठमांडू स्थित नॉर्विक इंटरनेशनल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
चिकित्सकों ने बताई स्वास्थ्य स्थिति
डॉक्टरों के अनुसार अमिता श्रीवास को गंभीर फ्रॉस्टबाइट और हाई एल्टीट्यूड से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याएं हुई हैं। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। बताया जा रहा है कि फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर है और बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। इस खबर के सामने आने के बाद प्रदेशभर में लोग उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।राज्य सरकार ने दिए हरसंभव सहायता के निर्देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही राज्य शासन के वरिष्ठ अधिकारियों को आवश्यक समन्वय स्थापित कर हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार अमिता श्रीवास और उनके परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। उनके बेहतर उपचार और सुरक्षा को लेकर लगातार संपर्क और सहयोग बनाए रखा जा रहा है।
युवाओं के लिए प्रेरणा बनी अमिता
मुख्यमंत्री श्री साय ने अमिता के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए कहा कि अमिता बिटिया जल्द स्वस्थ होकर अपने घर लौटें, यही पूरे प्रदेश की प्रार्थना है। उन्होंने कहा कि अमिता का साहस, धैर्य और संघर्ष हजारों युवाओं को अपने सपनों को पूरा करने की प्रेरणा देगा। छत्तीसगढ़ को अपनी इस बेटी पर गर्व है, जिसने दुनिया की सबसे ऊंची चोटी पर पहुंचकर प्रदेश का मान बढ़ाया है।
